
वॉल्यूम के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता और भारत की सबसे बड़ी कृषि उपकरण निर्माता कंपनियों में से एक महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर 'महिंद्रा हार्वेस्ट युवा' लॉन्च किया है. यह खास तौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए तैयार किया गया है और उन इलाकों के लिए डिजाइन है, जहां संकरे रास्तों की वजह से बड़े हार्वेस्टर का इस्तेमाल मुश्किल होता है.
बड़े सेल्फ-प्रोपेल्ड हार्वेस्टर की तुलना में यह 25% तक (7 लाख रुपये तक) कम कीमत का है. छोटे और मध्यम किसानों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में मशीनें किराए पर देने वाले उद्यमियों के लिए यह किफायती विकल्प है. कंपनी के मुताबिक यह कटाई को तेज करके हाथ से कटाई के मुकाबले उत्पादकता बढ़ाता है. इससे किसान समय पर फसल काट सकते हैं, मौसम से होने वाला नुकसान घटा सकते हैं और आमदनी बढ़ा सकते हैं.
अपने कॉम्पैक्ट आकार, हल्के वजन और आसानी से मुड़ने की क्षमता के लिए जाना जाने वाला यह हार्वेस्टर धान, गेहूं, सोयाबीन और मक्का की कटाई कर सकता है, चाहे जमीन नम हो या सूखी.
महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस में फार्म मशीनरी के वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड रवींद्र शहाणे ने कहा, "महिंद्रा हार्वेस्ट युवा को विशेष रूप से छोटे और मध्यम किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. अपने कॉम्पैक्ट आकार, हल्के वजन, सड़क पर आसानी से ले जाने लायक चौड़ाई, चलाने में आसानी और बेहतरीन कटाई क्षमता के कारण, हमारा यह नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर किसानों को उन जगहों पर भी मशीनीकृत कटाई की सुविधा देता है, जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पातीं."
9.3 और 10.9 फीट चौड़ाई वाले RTO-अनुमोदित कटर बार और बंद अनलोडिंग ट्यूब के साथ इसका स्लिम डिजाइन और 8 फीट की कम ट्रैक चौड़ाई इसे गांवों की संकरी सड़कों और तंग मोड़ों पर आसानी से चलने लायक बनाती है. 4-व्हील ड्राइव गीले धान और सोयाबीन के खेतों में अच्छी पकड़ देती है. कॉम्पैक्ट कटर बार को एक खेत से दूसरे खेत जाते समय बार-बार खोलने या लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. कटर बार के सामने का साफ नजारा बेहतर अलाइनमेंट और सटीक कटाई में मदद करता है, खासकर गिरी हुई फसल या ऊबड़-खाबड़ खेतों में.
हल्का, चेन-ड्रिवन मैकेनिज्म और आगे-पीछे के पहियों का डिजाइन मिट्टी को दबने से बचाता है. कंपनी के मुताबिक यह मशीन की गति और फुर्ती बढ़ाता है, फसल का नुकसान घटाता है और बाजार में बेचने के लिए अच्छी क्वालिटी की उपज सुनिश्चित करता है.
महिंद्रा की भरोसेमंद इंजन तकनीक से लैस यह हार्वेस्टर लंबे समय तक बिना परेशानी चलने और आसान सर्विसिंग के लिए बनाया गया है. इस पर 1 साल की वारंटी मिलती है. 'महिंद्रा हार्वेस्ट युवा' अब महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात और उत्तर प्रदेश के प्रमुख बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध है.