नई फसल के बाद भी नहीं घटे प्याज के दाम, मंडियों में आवक 24% गिरी, खुदरा भाव 60 रुपये किलो

नई फसल के बाद भी नहीं घटे प्याज के दाम, मंडियों में आवक 24% गिरी, खुदरा भाव 60 रुपये किलो

नई फसल आने के बाद भी प्याज के दाम में कमी नहीं आई है. खुदरा भाव करीब डेढ़ महीने से 60 रुपये प्रति किलो के आसपास बना हुआ है. नेफेड के जरिए बाजार में प्याज उतारने का भी असर नहीं दिखा. नवंबर के पहले 15 दिनों में आवक पिछले साल की समान अवधि से 24.17% कम रही. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में गिरावट 43.87% तक है. एक रिपोर्ट के मुताबिक अल नीनो, बेमौसम बारिश, सूखा और बाढ़ से महाराष्ट्र में उत्पादन 30-40% तक गिर सकता है.

क्या कम हो रहे हैं प्याज के दामक्या कम हो रहे हैं प्याज के दाम
क‍िसान तक
  • नई दिल्ली,
  • Nov 17, 2026,
  • Updated Nov 17, 2026, 2:09 PM IST

प्याज की नई फसल बाजार में आने के बाद भी इसके दाम में राहत नहीं मिली है. खुदरा बाजार में प्याज का भाव करीब 60 रुपये प्रति किलो है और महीने-डेढ़ महीने से यही रेट चल रहा है. सरकार ने नेफेड के जरिए बाजार में प्याज की खेप उतारी, लेकिन दाम पर इसका असर नहीं दिखा.

नवंबर में आवक 24.17% कम

दाम न गिरने की मुख्य वजह अक्टूबर और नवंबर में मंडियों में आवक की बड़ी गिरावट है. कृषि मार्केटिंग के सरकारी पोर्टल एगमार्कनेट के आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच मंडियों में 4,63,406.86 मीट्रिक टन प्याज पहुंचा. पिछले साल इसी अवधि में आवक 6,11,101.95 मीट्रिक टन थी. यानी करीब 1.48 लाख मीट्रिक टन कम आवक हुई, जो 24.17% की गिरावट है.

तीन बड़े राज्यों में 43.87% की गिरावट

प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों में गिरावट और ज्यादा है. 1 से 15 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में कुल आवक 4,28,863.69 मीट्रिक टन (2025) से घटकर 2,40,715.67 मीट्रिक टन (2026) रह गई. यह 1,88,148.02 मीट्रिक टन या 43.87% की कमी है.

अक्टूबर में मामूली कमी

अक्टूबर 2026 में प्याज की आवक 13,31,448.63 मीट्रिक टन रही, जो अक्टूबर 2025 के 13,43,020.45 मीट्रिक टन के मुकाबले 0.86% कम है. यानी असली गिरावट नवंबर के पहले पखवाड़े में दिख रही है.

प्रमुख राज्य1-15 नवंबर 2025 के दौरान आवक (टन)1-15 नवंबर 2026 के दौरान आवक (टन)आवक में गिरावट
मध्य प्रदेश1,73,239.2388,920.0584,319.18 टन (48.67%)
महाराष्ट्र2,29,637.741,40,686.3388,951.41 टन (38.73%)
राजस्थान25,986.7211,109.2914,877.43 टन (57.25%)
कुल4,28,863.692,40,715.671,88,148.02 टन (43.87%)

महाराष्ट्र में उत्पादन 30-40% घटने की आशंका

एक रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि इस बार महाराष्ट्र में प्याज का उत्पादन 30-40% तक गिर सकता है. फसल पर अल नीनो, बेमौसम बारिश, सूखे और बाढ़ का व्यापक असर पड़ा है. इन हालात में प्याज के दाम में जल्द राहत मिलने के आसार कम हैं.

भारत के सबसे बड़े प्याज उत्पादक राज्य, महाराष्ट्र में खराब मौसम के कारण प्याज के उत्पादन में गिरावट का अनुमान चिंता का मुद्दा है. 'अल नीनो' (El Niño) से जुड़ी अनियमित बारिश, सूखे और मिट्टी में नमी की कमी ने प्याज की खेती पर बुरा असर डाला है, जिससे नई फसल की बाजार में आवक में देरी हुई है. इन हालात के चलते घरेलू और निर्यात कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है.

भारत में हर साल लगभग 30 मिलियन टन प्याज का उत्पादन होता है और पिछले साल करीब 1.5 मिलियन टन ताजे प्याज का निर्यात किया गया था. इस बीच, भारत के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया है कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से नई फसल का प्याज बाजार में आना शुरू हो गया है. सरकार को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में आपूर्ति में धीरे-धीरे सुधार होगा. 

MORE NEWS

Read more!