
बदलते दौर के साथ डिजिटल की दुनिया ने शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों की जीवनशैली और कार्य योजनाओं को काफी आसान कर दिया है. वहीं, बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों तक कृषि से जुड़ी हुई जानकारियां डिजिटल तरीके से आसानी से पहुंच सकें, इसको लेकर बिहार कृषि विभाग की ओर से कृषि एप के जरिए कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में विभाग कृषि एप को अपग्रेड करने जा रहा है, जिसमें जल्द ही किसानों को हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. अब किसान स्थानीय भाषा में कृषि एप के जरिए घर बैठे जानकारी ले सकेंगे.
बिहार के पंचायत स्तर पर लोगों को कृषि और योजनाओं से संबंधित जानकारी आसानी से मिल सके, इसको लेकर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घोषणा की है कि सभी पंचायतों में युवा किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे. युवाओं को प्रशिक्षित कर ‘बिहारी डिजिटल कृषि योद्धा’ के रूप में पहचान दिलाई जाएगी, जो अन्य किसानों को एप के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे. वहीं, अच्छा काम करने वाले बिहारी डिजिटल कृषि योद्धाओं को विभाग द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा. साथ ही, कृषि विभाग के वैसे अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जो कृषि के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे हैं.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जब से पदभार संभाला है, उस समय से कृषि विभाग में कई तरह के बदलाव किए हैं. अब इसी कड़ी में उन्होंने यह ऐलान किया है कि जो जिला सर्वाधिक किसान पंजीकरण करवाएगा, वैसे जिला, प्रखंड और पंचायत को सम्मानित भी किया जाएगा. इसमें टॉप 5 जिलों, 5 प्रखंडों और 5 पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा.
वहीं, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागीय कर्मियों को भी पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है. कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के बीच कृषि एप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के सभी कृषि कार्यालयों में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे. इसके साथ ही, बामेती के माध्यम से आयोजित होने वाले सभी प्रशिक्षण सत्रों में किसानों को एप की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
कृषि मंत्री ने बताया कि कृषि एप के जरिए किसान उर्वरकों की उपलब्धता की रियल टाइम जानकारी पा सकते हैं. यह व्यवस्था कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाने में प्रभावी साबित हो रही है. साथ ही, यह किसानों के लिए एकीकृत योजना पोर्टल के तौर पर भी काम कर रहा है, जहां किसान एप के माध्यम से अलग-अलग कृषि योजनाओं में आवेदन कर सकते हैं और उनकी स्थिति, अनुदान विवरण और स्वीकृति की वास्तविक समय पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.