सब्जी-फल उत्पादन में UP बना देश में नंबर-1, आम, अमरूद और शिमला मिर्च की भी बढ़ी हिस्सेदारी

सब्जी-फल उत्पादन में UP बना देश में नंबर-1, आम, अमरूद और शिमला मिर्च की भी बढ़ी हिस्सेदारी

Vegetable Farming: अपर मुख्य सचिव उद्यान ने बताया कि उत्तर प्रदेश सब्जी उत्पादन के मामले में भी देश में पहले स्थान पर है. एनएचबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है जबकि देश का कुल सब्जी उत्पादन 2272.68 लाख मीट्रिक टन है.

vegetable and fruit productionvegetable and fruit production
क‍िसान तक
  • LUCKNOW,
  • Nov 20, 2026,
  • Updated Nov 20, 2026, 6:45 PM IST

उत्तर प्रदेश पूरे देश में कृषि और बागवानी के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है. खेती को परंपरागत दायरे से आगे बढ़ाकर अधिक लाभकारी बनाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रदेश में किए जा रहे प्रयासों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है. इसका प्रमाण राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान में सामने आया है. रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश बागवानी उत्पादन, कुल बागवानी क्षेत्रफल और उत्पादकता के मामले में देश में पहले स्थान पर है. देश के कुल बागवानी उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है जबकि कुल बागवानी क्षेत्रफल में प्रदेश की भागीदारी 8.92 प्रतिशत है. इसके साथ ही उत्पादकता के मामले में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुना आगे है.

बागवानी उत्पादन में 17.76 प्रतिशत हिस्सेदारी

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है. इसी का नतीजा है कि एनएचबी के तीसरे अग्रिम अनुमान 2025-26 के अनुसार उत्तर प्रदेश में कुल बागवानी उत्पादन 687.30 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया है जबकि पूरे देश का कुल उत्पादन 3869.15 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय बागवानी उत्पादन में अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है. वहीं, प्रदेश में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल 26.50 लाख हेक्टेयर है जबकि देश में यह क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है.

उत्पादकता देश के औसत से 1.99 गुना अधिक

क्षेत्रफल की तुलना में उत्पादन में यूपी की अधिक हिस्सेदारी इस बात का संकेत है कि प्रदेश में प्रति हेक्टेयर उत्पादन क्षमता बेहतर है. उन्होंने बताया कि बागवानी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी उपलब्धि उसकी उत्पादकता है. रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश की बागवानी उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है जबकि राष्ट्रीय औसत उत्पादकता 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है. यानी उत्तर प्रदेश की उत्पादकता देश के औसत से 1.99 गुना अधिक है. यह उपलब्धि बताती है कि सीमित क्षेत्रफल में भी प्रदेश अधिक उत्पादन करने की क्षमता रखता है. बागवानी क्षेत्र में बेहतर उत्पादकता किसानों के लिए अधिक उपज और कृषि क्षेत्र के लिए बेहतर संभावनाओं का आधार बन रही है.

सब्जी उत्पादन में 20 प्रतिशत हिस्सा यूपी का

अपर मुख्य सचिव उद्यान ने बताया कि उत्तर प्रदेश सब्जी उत्पादन के मामले में भी देश में पहले स्थान पर है. एनएचबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है जबकि देश का कुल सब्जी उत्पादन 2272.68 लाख मीट्रिक टन है. इस प्रकार देश के कुल सब्जी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत है. सब्जी उत्पादन में यह मजबूत स्थिति प्रदेश को देश के प्रमुख खाद्य उत्पादक राज्यों में महत्वपूर्ण स्थान दिलाती है.

यूपी में 270 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन

आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद मजबूत है. प्रदेश में 270 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ है, जबकि देश का कुल उत्पादन 655.70 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 41.18 प्रतिशत है. यानी देश में उत्पादित होने वाले आलू का बड़ा हिस्सा यूपी के किसानों की मेहनत से आता है. आलू उत्पादन में यह बढ़त प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है.

आम, अमरूद और शिमला मिर्च में भी यूपी बना अव्वल

बाबू लाल मीणा ने बताया कि मटर उत्पादन में उत्तर प्रदेश ने देशभर में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है. प्रदेश में 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ है जबकि देश का कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय मटर उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 53.03 प्रतिशत है. यानी देश में पैदा होने वाली आधे से अधिक मटर उत्तर प्रदेश में उत्पादित होती है. यह उपलब्धि प्रदेश के किसानों की उत्पादन क्षमता और मटर की खेती में यूपी की अग्रणी भूमिका को दर्शाती है. वहीं, फल उत्पादन की प्रमुख फसलों में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है.

आम का उत्पादन 62.15 लाख मीट्रिक टन

प्रदेश में आम का उत्पादन 62.15 लाख मीट्रिक टन है जबकि देश का कुल उत्पादन 239.69 लाख मीट्रिक टन है. इसमें यूपी की हिस्सेदारी 25.93 प्रतिशत है. इसी तरह अमरूद उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 21.08 प्रतिशत है. उत्तर प्रदेश में 11.65 लाख मीट्रिक टन अमरूद का उत्पादन हुआ है, जबकि देश का कुल उत्पादन 55.28 लाख मीट्रिक टन है. शिमला मिर्च के उत्पादन में भी प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. उत्तर प्रदेश में इसका उत्पादन 1.76 लाख मीट्रिक टन रहा, जबकि देश का कुल उत्पादन 7.97 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 22.06 प्रतिशत है.

ये भी पढ़ें-

अमेरिका-जर्मनी समेत इन देशों में बढ़ी UP के फल-सब्जियों की डिमांड, 489 करोड़ तक पहुंचा निर्यात

UP में किसानों-बागवानों को मिली बड़ी राहत, अब 'सरकारी योजनाओं' का लाभ लेना होगा आसान

MORE NEWS

Read more!