वादे अधूरे, खेत सूखे- पंजाब में बिजली संकट ने बढ़ाई किसानों की चिंता, 8 घंटे सप्लाई का वादा फेल

वादे अधूरे, खेत सूखे- पंजाब में बिजली संकट ने बढ़ाई किसानों की चिंता, 8 घंटे सप्लाई का वादा फेल

पंजाब में बिजली संकट के कारण धान की फसल पर गंभीर असर पड़ रहा है. सरकार के 8 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई के वादे के बावजूद किसानों को केवल कुछ घंटे ही बिजली मिल रही है. इससे खेतों में पानी की कमी हो रही है और फसल सूखने लगी है. किसान आर्थिक नुकसान और बढ़ते खर्च से परेशान हैं.

धान की रोपाई के बाद बढ़ी मुश्किलेंधान की रोपाई के बाद बढ़ी मुश्किलें
क‍िसान तक
  • Sangrur,
  • Jun 30, 2026,
  • Updated Jun 30, 2026, 10:49 AM IST

पंजाब में इस समय धान की रोपाई का सीजन चल रहा है और कई जगहों पर किसानों ने बड़ी मेहनत से अपनी फसल लगा दी है. संगरूर जिले में भी बड़े क्षेत्र में धान की रोपाई पूरी हो चुकी है. सरकार ने पहले ही धान की रोपाई के लिए अलग-अलग तारीखें तय की थीं और किसानों ने उसी के अनुसार खेती की शुरुआत की थी. लेकिन अब रोपाई के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या बिजली की कमी बन गई है.

8 घंटे बिजली का वादा, लेकिन मिल रही कम सप्लाई

किसानों का कहना है कि सरकार ने धान के सीजन में रोजाना 8 घंटे बिना रुकावट बिजली देने का वादा किया था. लेकिन पिछले कई दिनों से उन्हें मुश्किल से 4 घंटे ही बिजली मिल रही है. इसमें भी बार-बार कट लगने से खेतों तक पानी ठीक से नहीं पहुंच पा रहा है. इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसल को नुकसान होने लगा है.

खेतों में सूख रही धान की फसल

बिजली की कमी के कारण खेतों में पानी की कमी हो गई है. कई जगहों पर धान के पौधे सूखने लगे हैं और जमीन में दरारें भी दिखाई दे रही हैं. किसान डरे हुए हैं कि अगर यही स्थिति रही तो उनकी पूरी फसल खराब हो सकती है. कुछ किसानों का कहना है कि उन्हें फिर से धान की रोपाई करनी पड़ सकती है, जिससे उनका खर्च बहुत बढ़ जाएगा.

डीजल से सिंचाई करना पड़ा महंगा

बिजली न मिलने के कारण कई किसान मजबूरी में डीजल जनरेटर और ट्रैक्टर की मदद से सिंचाई कर रहे हैं. लेकिन यह तरीका बहुत महंगा साबित हो रहा है. किसान बताते हैं कि डीजल की कीमत लगभग 97 रुपये प्रति लीटर है और एक ट्रैक्टर एक घंटे में लगभग 7 लीटर डीजल खर्च कर देता है. ऐसे में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और किसानों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप

किसानों ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि किसानों को दिन के समय लगातार बिजली मिलेगी और रात में खेतों में काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. लेकिन अब हालात बिल्कुल अलग हैं और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

फसल बचाने की मांग

संगरूर समेत कई गांवों में यही समस्या देखने को मिल रही है. खेतों में सूखती फसल और बढ़ती चिंता किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं. किसान सरकार से मांग कर रहे हैं कि उन्हें जल्द से जल्द 8 घंटे नियमित बिजली दी जाए, ताकि उनकी फसल बच सके और उनकी मेहनत बर्बाद न हो. (कुलवीर सिंह का इनपुट)

ये भी पढ़ें: 

Fisheries Tips for Monsoon: बरसात में भी मछलियों की खूब होगी ग्रोथ, जुलाई में करें ये काम
Kharif sowing: रूठे मॉनसून ने बढ़ाई चिंता, खरीफ बुवाई में 23 फीसदी की भारी गिरावट

MORE NEWS

Read more!