
गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ के कारण सब्जी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है. इस वजह से सब्जी के दाम आसमान छूने लगे हैं. सौराष्ट्र में उपज देने के लिए तैयार सब्जी की फसल बड़े पैमाने पर खराब हो गई है. यहां सब्जियों के दाम में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ रहा है. एक हफ्ते पहले जिस भाव से सब्जियां मिली रही थीं, अब उनके दाम दोगुने हो गए हैं. वहीं, कुछ सब्जियों के दाम तो दोगुने से भी ज्यादा हो गए हैं.
राजकोट के व्यापारियों ने आशंका जताई है कि आगे कुछ दिनों में भाव और भी ज्यादा बढ़ सकते हैं. क्षेत्र में सिर्फ टमाटर के भाव वैसे के वैसे हैं, क्योंकि इस सीजन में गुजरात में टमाटर की फसल नहीं होती है. ऐसे में यहां महाराष्ट्र और बेंगलुरु से टमाटर आते हैं. प्रतिकिलो सब्जी के एक सप्ताह पहले और आज के दाम नीचे दिए जा रहे हैं.
| सब्जी | वर्तमान भाव (प्रति किलोग्राम) | एक हफ्ते पहले के भाव (प्रति किलोग्राम) |
| बैंगन | 120 रुपये | 50 रुपये |
| गोभी | 70 रुपये | 50 रुपये |
| ग्वार | 120 रुपये | 60 रुपये |
| भिंडी | 120 रुपये | 50 रुपये |
| खीरा | 80 रुपये | 30 रुपये |
| करेला | 80 रुपये | 50 रुपये |
| गलका (तोरई) | 80 रुपये | 25 रुपये |
| तूरिया | 100 रुपये | 40 रुपये |
| लौकी | 30 रुपये | 80 रुपये |
| धनिया | 300 रुपये | 120 रुपये |
| मेथी (1 बंंडल ) | 50 रुपये | 20 रुपये |
| पालक (1 बंंडल ) | 40 रुपये | 25 रुपये |
| टमाटर | 40 रुपये | 40 रुपये |
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय भारी बारिश से प्रभावित गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के सीनियर अफसरों से लगातार संपर्क में है. यदि इन राज्यों में भारी नुकसान की जानकारी मिलती है तो वहां अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) भेजकर नुकसान का आकलन किया जाएगा. वहीं, नुकसान की स्थिति में किसानों और ग्रामीणों को मुआवजा दिया जाएगा. गुजरात सरकार ने इससे पहले भी मुआवजे का ऐलान किया है. इसके लिए सरकार की ओर से पैकेज की घोषणा की गई है.
ये भी पढ़ें - यहां से किराए पर मशीन लेकर खेती कर सकते हैं किसान, नहीं होगी खरीदने की झंझट
राज्य सरकार किसानों को लेकर काफी सतर्क है. बता दें कि पिछले दिनों सरकार ने 9 जिलों में बाढ़ के चलते बर्बाद हुई फसल की एवज में किसानों को 350 करोड़ रुपये का पैकेज देने का ऐलान किया था. वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी भी राज्य में बाढ़ के हालात पर सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की थी और हर संभव मदद की बात कही थी.(रौनक मजीठिया की रिपोर्ट)