5 रुपये की विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, किसान की फसल को दबंगों ने लगाई आग

5 रुपये की विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, किसान की फसल को दबंगों ने लगाई आग

झांसी जिले के सकरार थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां 5 रुपये के विवाद ने किसान की सालभर के मेहनत पर पानी फेर दिया. जहां शराब के क्वार्टर पर 5 रुपये ज्यादा वसूली को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गया.

किसान की फसल को दबंगों ने लगाई आगकिसान की फसल को दबंगों ने लगाई आग
क‍िसान तक
  • Jhansi,
  • Mar 30, 2026,
  • Updated Mar 30, 2026, 8:10 AM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सकरार थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के क्वार्टर पर 5 रुपये ज्यादा वसूली को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गया. दरअसल, दबंगों ने किसान की गेहूं की पूरी फसल में आग लगा दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी भी दी. इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

60 रुपये मांगने पर हुआ विवाद

ये घटना झांसी के सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम निनौरा की है. पीड़ित किसान जमुना पाल के अनुसार, वह खेत पर थ्रेसिंग के दौरान पास की शराब की दुकान पर क्वार्टर लेने गया था. दुकानदार 55 रुपये के क्वार्टर के 60 रुपये मांग रहा था. जब किसान ने इसका विरोध किया तो दुकानदार और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर मारपीट की नौबत आ गई, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. लेकिन जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी और कहा कि अभी आकर देखते हैं.

दबंगों ने जलाई किसान की फसल

पीड़ित किसान के मुताबिक, थोड़ी देर बाद मंगल और भूरे श्रीवास सहित 20-25 लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ खेत पर पहुंच गए. उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. आरोप है कि उनके पास बंदूक जैसे हथियार भी थे, जिससे खेत पर काम कर रहे लोग जान बचाकर भाग गए. हमलावरों ने गुस्से में आकर खेत में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल में आग लगा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई.

किसान की मेहनत जलकर खाक

आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक किसान की सालभर की मेहनत जलकर खत्म हो चुकी थी. वहीं, पीड़ित किसान ने घटना का वीडियो बनाकर डायल 112 पर कॉल किया. पुलिस रात में मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पुलिस वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में अपने साथ ले गई है.

आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

किसान जमुना पाल ने सकरार थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. पीड़ित का कहना है कि आरोपी जाते-जाते दोबारा हमला करने की धमकी भी दे गए हैं. वहीं, सकरार पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. (अजय झा की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!