
महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के बार्शी में गन्ने के दाम को लेकर चल रहे विवाद के बीच स्वाभिमानी किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने वृंदावन शुगर फैक्ट्री को बंद करा दिया. संगठन के पदाधिकारियों ने गन्ने की गव्हाण (क्रशिंग मशीन) में कूदकर फैक्ट्री का कामकाज रुकवा दिया.
सोलापुर जिले में गन्ने के दाम को लेकर अब तक कोई समाधान नहीं निकला है. इसके बावजूद चीनी मिल मालिकों ने अपनी फैक्ट्रियां चालू रखी हैं. महाराष्ट्र के किसान संगठनों ने पहले से चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे चीनी मिलें नहीं चलने देंगे और गन्ने की पेराई नहीं होने देंगे.
पालकमंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में यह तय किया गया था कि जब तक गन्ने के दाम पर कोई समाधान नहीं निकलता, तब तक चीनी मिलें बंद रखी जाएंगी. इसके बावजूद बार्शी स्थित वृंदावन शुगर फैक्ट्री चालू रही. इसी से नाराज होकर स्वाभिमानी किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री बंद करा दी. शुक्रवार की घटना उसी चेतावनी का नतीजा है.
फैक्ट्री बंद कराने के दौरान कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों की हवा भी निकाल दी. सोशल मीडिया में जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि किसान संगठन के कार्यकर्ता मिल के अंदर दाखिल होते हैं और ट्रैक्टर के टायर की हवा निकाल देते हैं. ये सभी ट्रैक्टर गन्ना की खेप लेकर मिल के लिए आए थे.
वृंदावन शुगर फैक्ट्री बार्शी तालुका के उपलाई ठोंगे गांव में स्थित है. यह फैक्ट्री महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में आती है जहां गन्ने की बड़े पैमाने पर पेराई होती है. सोलापुर बेल्ट गन्ने की खेती के लिए मशहूर है और यहां हजारों किसान गन्ने की खेती से कमाई करते हैं. बीते कई दिनों से किसान संगठनों के कार्यकर्ता सरकार से गन्ने और चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. किसानों ने इन मांगों को लेकर कोल्हापुर में बड़ा आंदोलन किया था और बेंगलुरु हाईवे को बंद कर दिया था.(विजय बाबर की रिपोर्ट)