Paddy Procurement: हरियाणा में 30.69 लाख टन धान की खरीद हुई, जानिए उठान और भुगतान का हाल

Paddy Procurement: हरियाणा में 30.69 लाख टन धान की खरीद हुई, जानिए उठान और भुगतान का हाल

हरियाणा की मंडियों में 26 अक्टूबर तक 37.27 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई है, जिसमें से 30.69 लाख मीट्रिक टन की सरकारी खरीद की जा चुकी है. जानिए खरीद की ताजा स्थित‍ि से जुड़े अहम अपडेट...

Haryana Paddy ProcurementHaryana Paddy Procurement
कमलजीत संधू
  • Chandigarh,
  • Oct 27, 2026,
  • Updated Oct 27, 2026, 12:42 PM IST

हरियाणा की मंडियों में खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के दौरान धान की आवक और सरकारी खरीद जारी है. राज्य में 26 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक 37.27 लाख मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंचा, जिसमें से 30.69 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) राजेश नागर ने बताया कि कुल आवक का करीब 82 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है, जबकि खरीदे गए धान में से 23.34 लाख मीट्रिक टन का उठान हुआ है.

लक्ष्य के मुकाबले 53 प्रतिशत खरीद पूरी

हरियाणा में केंद्र सरकार ने इस सीजन के लिए 58 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके मुकाबले अब तक 30.69 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई है, जो लक्ष्य का करीब 53 प्रतिशत है. एक दिन में लगभग 1.01 लाख मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंचा और 36 हजार मीट्रिक टन की खरीद दर्ज की गई.

खरीदे गए धान का 76 प्रतिशत उठान

मंडियों से धान का उठान खरीद की तुलना में पीछे चल रहा है. अब तक खरीदे गए 30.69 लाख मीट्रिक टन धान में से 23.34 लाख मीट्रिक टन का उठान किया गया है. यह कुल खरीद का लगभग 76 प्रतिशत है. एक दिन में करीब 1.38 लाख मीट्रिक टन धान मंडियों से उठाया गया.

मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को उठान की नियमित समीक्षा करने और जहां गति धीमी है, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि समय पर उठान से मंडियों में जगह उपलब्ध रहेगी और किसानों को फसल लाने में परेशानी नहीं होगी.

किसानों को 4,263 करोड़ से ज्‍यादा का भुगतान

मंत्री ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया से अब तक 2,22,154 किसानों को लाभ मिला है. न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत किसानों को कुल 4,263.76 करोड़ रुपये का भुगतान दर्ज किया गया है. एजेंसीवार आंकड़ों के अनुसार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने 2,375.62 करोड़ रुपये, हैफेड ने 1,329.76 करोड़ रुपये और हरियाणा राज्य भंडारण निगम ने 558.38 करोड़ रुपये का भुगतान किया है.

सरकारी एजेंसियों में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सबसे अधिक 16.53 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा है. विभाग का निर्धारित लक्ष्य 23.20 लाख मीट्रिक टन है और अब तक लक्ष्य का करीब 71 प्रतिशत पूरा हो चुका है. विभाग ने 12.90 लाख मीट्रिक टन धान का उठान किया है.

हैफेड ने 23.20 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 9.29 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा है और 7.21 लाख मीट्रिक टन का उठान किया है. वहीं, हरियाणा राज्य भंडारण निगम ने 11.60 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 4.87 लाख मीट्रिक टन खरीद की है और 3.23 लाख मीट्रिक टन का उठान किया है.

कुरुक्षेत्र में सबसे ज्‍यादा खरीद हुई

25 अक्टूबर तक के जिला-वार आंकड़ों के अनुसार, कुरुक्षेत्र में 8.23 लाख मीट्रिक टन धान की आवक के मुकाबले 7.64 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई है. जिले में 6.47 लाख मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है.

कैथल में 6.76 लाख मीट्रिक टन आवक और 5.94 लाख मीट्रिक टन खरीद दर्ज की गई है. करनाल में 5.60 लाख मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंचा, जिसमें से 4.32 लाख मीट्रिक टन खरीदा गया. अंबाला में 4.13 लाख मीट्रिक टन आवक के मुकाबले 3.60 लाख मीट्रिक टन खरीद हुई है.

यमुनानगर में 3.09 लाख मीट्रिक टन धान की आवक और 2.70 लाख मीट्रिक टन खरीद हुई है. जिले में खरीदे गए धान का करीब 85.78 प्रतिशत उठान हो चुका है.

निजी खरीद में 2,516 रुपये प्रति क्विंटल औसत भाव

मंत्री ने बताया कि सरकारी एजेंसियों के अलावा निजी व्यापारियों ने भी अब तक 38,770 मीट्रिक टन धान खरीदा है. निजी खरीद में औसत भाव 2,516 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है, जबकि अलग-अलग सौदों में कीमत 2,461 रुपये से 2,965 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रही है.

मंत्री राजेश नागर ने खरीद एजेंसियों और मंडी अधिकारियों को खरीद, उठान और भुगतान की प्रक्रिया में समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और भुगतान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर किया जाना चाहिए.

MORE NEWS

Read more!