FMD-Lumpy Disease: दूध के दाम और सप्लाई पर फूट सकता है दो बड़ी बीमारियों का बम

FMD-Lumpy Disease: दूध के दाम और सप्लाई पर फूट सकता है दो बड़ी बीमारियों का बम

FMD-Lumpy Disease गाय-भैंस की दो बड़ी बीमारियां दस्तक दे रही हैं. 350 से ज्यादा जिले इन बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं. इसे लेकर हाई अलर्ट भी जारी कर दिया गया है. ये दो बड़ी बीमारियां लंपी और खुरपका-मुंहपका (फुट एंड माउथ) हैं. लंपी सिर्फ गायों की बीमारी है तो फुट एंड माउथ गाय और भैंसों को होने वाली बीमारी है. इसके चलते दूध उत्पादन 30 से 40 फीसद तक कम हो जाता है. 

नासि‍र हुसैन
  • New Delhi,
  • Sep 02, 2026,
  • Updated Sep 02, 2026, 2:25 PM IST

अभी तक दूध को लेकर मुम्बई से आई खबर ही परेशान कर रही थी, लेकिन अब दूध को लेकर जो खबर आ रही है वो देश के सभी राज्यों से जुड़ी है. जारी हुए हाई अलर्ट की मानें तो दूध की सप्लाई और उसके दाम पर पशुओं की बीमारियों का बम फूट सकता है. गाय-भैंस से जुड़ी दो बड़ी बीमारियों को लेकर देशभर के 350 से ज्यादा जिलों में बीमारियों का अलर्ट जारी किया गया है. ये दो बड़ी बीमारी लंपी और खुरपका-मुंहपका (फुट एंड माउथ) हैं. लंपी के चलते तो गायों की मौत होने की भी खबर आ रही है. 

इसी दौरान बारिश होने की खबर भी आ रही है, जो इन दोनों बीमारियों को और बढ़ाएगी. एनिमल एक्सपर्ट की मानें तो बीमारी होने पर सबसे पहले पशुओं का दूध उत्पादन घट जाता है. अगर ऐसा होता है तो दूध की सप्लाई और रेट पर इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है. एक्सपर्ट इसे गंभीर हालात के रूप में देख रहे हैं. राज्य सरकारें भी पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी कर रही हैं. 

FMD के 359, लंपी के 220 जिले अलर्ट पर 

पशुओं की दो बीमारियों को लेकर हाई अलर्ट जारी हुआ है. अलर्ट वाली रिपोर्ट में बताया गया है कि 29 राज्यों के 220 जिलों को लंपी बीमारी को लेकर अलर्ट किया गया है. वहीं एफएमडी बीमारी से जुड़ा अलर्ट भी जारी किया गया है. अलर्ट केन्द्र शासित समेत 35 राज्यों के 359 जिलों के लिए जारी किया गया है. सिर्फ लक्ष्यदीप ही बचा है जहां के लिए अलर्ट नहीं जारी किया गया है. बाकी कोई ऐसा राज्य नहीं है जहां एफएमडी का खतरा न हो. 

क्या बोले, एनिमल साइंटिस्ट 

सेंट्रल बफैलो रिसर्च इंस्टीट्यूट, हिसार, हरियाणा के पूर्व साइंटिस्ट डॉ. सज्जन सिंह ने किसान तक को बताया कि बात सिर्फ एफएमडी और लंपी की ही नहीं है, जब भी गाय-भैंस को बीमारी होती है तो उसका असर उनके दूध उत्पादन पर भी दिखाई देता है. और फिर ये दोनों बीमारियां तो ऐसी है जिसके चलते सीधे 30 से 40 फीसद तक दूध उत्पादन कम हो जाता है. कोई-कोई पशु तो दूध देना ही बंद कर देता है. 

लंपी का कहां-कितने जिलों पर अटैक!

जारी हुए सरकारी अलर्ट में 220 जिलों का जिक्र किया गया है. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि 29 राज्यों के करीब 220 जिलों में लंपी अपना कहर दिखा सकती है. सबसे ज्यादा 27 जिले बिहार के हैं. तमिलनाडू के 25 जिले हैं. राजस्थान, झारखंड और कर्नाटक के 18-18 जिले हैं. मणि‍पुर में 12, गोवा में 11 और मध्य प्रदेश में 10 जिले ऐसे हैं जहां लंपी बीमारी फैल सकती है. वहीं पश्चिम बंगाल में 9 यूपी के 7 और हिमाचल प्रदेश के 2 जिले भी इस लिस्ट में शामिल हैं.

FMD का कहां-कितने जिलों पर अटैक!

एफएमडी के बारे में जो अलर्ट जारी किया गया है उसके मुताबिक कर्नाटक के 28, तमिलनाडू 24, झारखंड 23, असम, पश्चि‍म बंगाल और ओडिशा में 21-21, तेलंगाना 18, छत्तीसगढ़ 16, मणि‍पुर 15, महाराष्ट्र 14 और केरल-उत्तराखंड के 12-12 जिलो में एफएमडी का अलर्ट है.  

ये भी पढ़ें-

Analog Paneer: AIIMS की डॉ. पिंकी बोलीं खा सकते हैं एनालॉग पनीर, लेकिन ध्यान रखें ये बात 

Honey Production: शहद उत्पादन में आगे बढ़ रहा, लेकिन इंटरनेशनल मार्केट में कम हुए दाम

MORE NEWS

Read more!