
भारत बर्ड फ्लू जैसी गंभीर पशुजन्य बीमारी से निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने विकसित किया है.
यह उपलब्धि भारत को पशु स्वास्थ्य और जैव सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. स्वदेशी तकनीक से विकसित इस वैक्सीन का उद्देश्य मुर्गियों को H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा यानी बर्ड फ्लू से सुरक्षा दिलाना है.
बर्ड फ्लू एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिसके कारण मुर्गियों और अन्य पक्षियों की बड़े पैमाने पर मौत हो सकती है. इसके प्रकोप से पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. विशेष रूप से छोटे और मध्यम स्तर के पोल्ट्री किसानों की आजीविका पर इसका सीधा असर पड़ता है.
भारत में वर्ष 2006 से अब तक H5N1 और H5N8 बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं. ऐसे में इस बीमारी की रोकथाम के लिए स्वदेशी वैक्सीन का विकास बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अब देश में ही उपलब्ध होगी स्वदेशी वैक्सीनअब तक H5N1 वायरस के खिलाफ भारत में विकसित विशिष्ट स्वदेशी चिकन वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी. इस चुनौती को देखते हुए भोपाल के ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने देश में ही वैक्सीन विकसित करने में सफलता हासिल की है.
इस वैक्सीन के उपयोग से मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने, बीमारी के फैलने को नियंत्रित करने और पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
देश की पहली स्वदेशी H5N1 चिकन वैक्सीन का विकास भारतीय वैज्ञानिकों की अनुसंधान क्षमता और पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रमाण है. 20 नवंबर को भोपाल में होने वाला इसका लोकार्पण देश के पशुपालन, पोल्ट्री उद्योग और जैव सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसर होगा.
यह पहल न केवल पोल्ट्री किसानों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है, बल्कि भविष्य में भारत की बर्ड फ्लू नियंत्रण रणनीति को भी मजबूती दिला सकती है.