आज का मौसम (AI Image)देश में अगले चार से पांच दिनों तक मध्य भारत सहित कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 जुलाई तक कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस बीच, आज गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कुछ और हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ चुका है और आने वाले दिनों में इसके पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के बाकी क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.
IMD के अनुसार, 4 जुलाई को मध्य भारत में बारिश सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. पश्चिम मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी अच्छी बारिश का दौर जारी रहेगा.
पूर्वी भारत में ओडिशा पर भारी बारिश का खतरा बना रहेगा. झारखंड, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम भारत में दक्षिण गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है.
वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होगी. पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
IMD ने अपने बुलेटिन में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 4 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
वहीं, 5 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 6 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. लगातार बारिश के कारण राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं.
आईएमडी ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें. कटाई के बाद की गई उपज को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखें. धान की नर्सरी, सब्जियों और बागवानी फसलों में जलभराव न होने दें.
तेज हवा की आशंका वाले इलाकों में केले, पपीते तथा अन्य फलदार पौधों को सहारा दें. पशुओं को बारिश के दौरान सुरक्षित शेड में रखें और चारा सूखी जगह पर सुरक्षित रखें. जिन जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी है, वहां मौसम सामान्य होने तक खेतों में नई बुवाई और कृषि कार्य टालना बेहतर रहेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today