बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के आसार! दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के आसार! दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

1 नवंबर को देश के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. वहीं, दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहने की संभावना है.

Advertisement
बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के आसार! दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्टबंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के आसार

देश के कई हिस्सों में 1 नवंबर को मौसम बदलने वाला है. दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब 'डिप्रेशन' (गहरा कम दबाव का क्षेत्र) में बदल गया है. इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है, जो 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश हो सकती है. वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल. 

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 1 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 2 नवंबर को इन इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. रायलसीमा और तेलंगाना में भी 2 से 3 नवंबर के दौरान बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है.

इन राज्यों में भी होगी जोरदार बारिश

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा में 1 नवंबर से 4 नवंबर के बीच तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, 3 और 4 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, 3 और 4 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. 

बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर के मौसम का हाल

बिहार और झारखंड में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम बदल सकता है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. 

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 1 नवंबर को मौसम ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है. बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.  यानी हाल की बारिश के बाद मौसम में सुधार होगा और दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है. 

मछुआरों के लिए IMD की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है. मौसम विभाग ने मछुआरों को 1 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी है. आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों के आसपास भी समुद्र में जाने को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है. ऐसे में 1 नवंबर को जहां दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहने की संभावना है, वहीं दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. 

POST A COMMENT