चक्रवात अर्नबदेश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कमजोर पड़ने के बावजूद कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का खतरा बना हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका है. पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
दिल्ली-NCR के इलाकों में सुबह-सुबह मौसम का मिजाज बदल गया है. कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है, तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वानुमान के मुताबिक, दिनभर बादल, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है. इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है.
चक्रवात अर्नब से जुड़े मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. इसके चलते कई जिलों में सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया. रायपुर, नारायणपुर, महासमुंद, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर, धमतरी और कई अन्य जिलों में छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी घोषित की गई. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, औरंगाबाद, गया, बेगूसराय, समस्तीपुर और कैमूर में मौसम खराब हो सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. तेज हवाओं से कमजोर पेड़, बिजली के तार और अस्थायी निर्माण प्रभावित हो सकते हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
वहीं, पड़ोसी राज्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम बिगड़ सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. रांची समेत कई शहरों में बादल छाए रहने और मौसम ठंडा होने की संभावना है.
ओडिशा के रायगड़ा जिले में चक्रवात अर्नब के असर से बारिश हुई है. हालांकि, बारिश की तीव्रता पहले के मुकाबले कम बताई जा रही है. इसके बावजूद जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. जिला कलेक्टर के मुताबिक, फिलहाल किसी बड़े खतरे की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में आगे भी बारिश होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है.
हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. लाहौल-स्पीति, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और किन्नौर में हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. मौसम बदलने से तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी. बर्फबारी के बाद पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है. पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच भी कुछ जगहों पर बर्फबारी हो सकती है.
मौसम सिस्टम के असर से समुद्र में भी परिस्थितियां खराब हो सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें वापस लौटने के लिए कहा गया है. पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today