Weather Alert: उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Weather Alert: उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम

IMD Weather Update: 7 सितंबर को देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहेगा. IMD ने उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. जानिए देशभर में मौसम कैसा रहेगा...

Advertisement
Weather Alert: उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसमआज का मौसम (AI Image)

देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और 7 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और मध्य भारत तक कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई जगह बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली-NCR में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा और तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है

IMD के मुताबिक, 7 सितंबर को उत्तराखंड में कई जगह बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर बना रहेगा. उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 सितंबर तक कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 7 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है. दिन में दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी, जबकि शाम और रात के समय दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ सकता है. तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है.

हरियाणा-पंजाब में भी बारिश के आसार

आईएमडी ने कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 7 सितंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में बारिश की गतिविधि ज्यादा रहने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की स्थिति में स्थानीय स्तर पर भूस्खलन, जलभराव और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है.

मध्य भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में 7 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 8 सितंबर से बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है, जो 12 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है.

बिहार-बंगाल समेत पूर्वी भारत में होगी बारिश

वहीं, आज बिहार में कई इलाकों में बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 7 से 10 सितंबर के दौरान कई जगह बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. झारखंड में 8 से 11 सितंबर और ओडिशा में 10 से 12 सितंबर के दौरान बारिश बढ़ सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7-8 सितंबर और 11-12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

इधर, अरुणाचल प्रदेश में 7 से 12 सितंबर तक कई जगह बारिश होने का अनुमान है. असम और मेघालय में 7 सितंबर को बारिश जारी रह सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 सितंबर के दौरान बारिश का दौर बना रहेगा. इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण और गोवा में 7 सितंबर को कई जगह बारिश की संभावना है. गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश छिटपुट रह सकती है. दक्षिण भारत में मॉनसून गतिविधि अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 7 सितंबर को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है. तमिलनाडु में भी गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

POST A COMMENT