Weather Alert: भारी बारिश, तूफान और लू का का जारी रहेगा असर, कई राज्यों में IMD दी चेतावनी

Weather Alert: भारी बारिश, तूफान और लू का का जारी रहेगा असर, कई राज्यों में IMD दी चेतावनी

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में भारी बारिश, तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी हुआ है. वहीं कुछ इलाकों में लू का असर भी बना रहेगा. जानिए 1 मई को कहां बरसेंगे बादल और कहां पड़ेगी भीषण गर्मी.

Advertisement
Weather Alert: भारी बारिश, तूफान और लू का का जारी रहेगा असर, कई राज्यों में IMD दी चेतावनीआज का मौसम (फाइल फोटो)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं 03 से 06 मई के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा. विदर्भ और पश्चिम राजस्थान में हीट वेव की स्थिति भी बनी रहने की संभावना जताई गई है.

1 मई को देशभर में मौसम का हाल

आईएमडी के अनुसार, 1 मई को पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल-सिक्किम में बारिश और तूफानी गतिविधियां जारी रहेंगी. कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज हो सकती है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. वहीं, दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी बारिश और आंधी का असर बना रहेगा. इसके अलावा, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में तापमान ज्‍यादा रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में गर्मी का असर महसूस किया जाएगा.

दिल्ली-NCR का मौसम

मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि दिल्ली-NCR में 1 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है.

हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व से रहेगी और दोपहर में इसकी गति बढ़ सकती है. 2 मई को तापमान और बढ़कर 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं 3 मई को मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जब हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं.

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 5 मई के बीच जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 मई को और उत्तराखंड में 6 मई तक बारिश और आंधी का असर बना रहेगा. 

वहीं, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 3 से 6 मई के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. राजस्थान में 2 से 6 मई के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

आईएमडी के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में 6 मई तक लगातार बारिश और तूफानी गतिविधियां जारी रहेंगी. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. 

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 मई तक भारी बारिश और 1-2 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 2 मई को भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा. झारखंड और ओडिशा में भी 30 अप्रैल और 1 मई के बाद भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है.

दक्षिण भारत का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में 2 मई तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 3 और 4 मई को बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. वहीं, तटीय इलाकों में तेज हवाएं और आंधी-तूफान का असर देखा जा सकता है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढकें. खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें ताकि जलभराव से नुकसान न हो.  ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में बागवानी फसलों को जाल या कवर से बचाने की सलाह दी गई है. वहीं गर्मी वाले इलाकों में हल्की सिंचाई, मल्चिंग और पशुओं के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है.

POST A COMMENT