IMD Alert: कई राज्यों में लू का खतरा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

IMD Alert: कई राज्यों में लू का खतरा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

IMD Latest Weather Update: मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. कहीं हीटवेव का खतरा है तो कहीं बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. दिल्ली समेत उत्तर भारत में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. जानिए 11 मार्च को देशभर में कैसा रहने वाला है मौसम...

Advertisement
IMD Alert: कई राज्यों में लू का खतरा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग का बड़ा अपडेटकई राज्‍यों में लू का अलर्ट (फाइल फोटो)

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में तेजी से मौसम बदलने की बात कही है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश, बर्फबारी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इन इलाकों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं गुजरात, पश्चिम राजस्थान और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, इन परिस्थितियों से खड़ी फसलों, पेड़ों और बिजली लाइनों को नुकसान हो सकता है. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और ओलावृष्टि से बागवानी फसलों को भी खतरा हो सकता है.

11 मार्च को देशभर में मौसम का अपडेट

11 मार्च को देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत, गुजरात और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है. पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ और विदर्भ के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. बीते दिन सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र के राजकोट और सुरेंद्रनगर में 41.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई.

दिल्ली-NCR में मौसम का हाल और पूर्वानुमान

इधर, दिल्ली एनसीआर में मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. 11 मार्च को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 

मौसम विभाग के अनुसार, यह तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा. 12 और 13 मार्च को भी दिल्ली में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस दौरान हल्की पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है.

14 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

IMD के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में 12 मार्च तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. कुछ स्थानों पर 11 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 10 से 16 मार्च के बीच रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है. वहीं, 14 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके असर से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है.

अन्य राज्यों का मौसम अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है. ओडिशा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके अलावा बिहार में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 12 और 13 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना है. असम और मेघालय में 14 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य से अधिक तापमान के कारण खेतों में मिट्टी की नमी तेजी से कम हो सकती है. इससे गेहूं, चना और अन्य रबी फसलों में दाना भरने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे जरूरत के अनुसार हल्की और समय पर सिंचाई करें ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे. 

बागवानी फसलों और सब्जियों को ओलावृष्टि और तेज हवाओं से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है. पशुपालकों को चाहिए कि वे पशुओं को पर्याप्त स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएं और उन्हें तेज धूप से बचाने के लिए छायादार स्थानों में रखें. गर्म मौसम में पशुओं के चारे और पानी की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने की भी सलाह दी गई है.

POST A COMMENT