विदर्भ में गर्मी का कहर: नागपुर-अमरावती में आग उगलती गर्मी, वर्धा बना सबसे गर्म शहर

विदर्भ में गर्मी का कहर: नागपुर-अमरावती में आग उगलती गर्मी, वर्धा बना सबसे गर्म शहर

पिछले आठ दिनों से विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग जरूरी कामों के अलावा घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं. लू लगने के मामलों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
विदर्भ में गर्मी का कहर: नागपुर-अमरावती में आग उगलती गर्मी, वर्धा बना सबसे गर्म शहरविदर्भ में गर्मी का कहर (AI- तस्वीर)

विदर्भ में अप्रैल महीने में ही गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है. हीटवेव यानी लू के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. दरअसल, शनिवार 18 अप्रैल को वर्धा में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है. नागपुर और अमरावती में भी तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे पूरे विदर्भ में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं.

विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप

पिछले आठ दिनों से विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग जरूरी कामों के अलावा घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं. लू लगने के मामलों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर न निकलने की अपील की है.

शनिवार को नागपुर इलाके में इतना रहा तापमान

शनिवार को नागपुर प्रादेशिक मौसम विभाग द्वारा दर्ज तापमान के अनुसार अकोला में 43.3°C, अमरावती 44.0°C, भंडारा 43.0°C, बुलढाणा 39.4°C, चंद्रपुर 43.4°C, गड़चिरोली 43.0°C, गोंदिया 43.2°C और नागपुर में 44.2°C तापमान दर्ज किया गया. खासतौर पर वर्धा जिले का तापमान 45°C तक पहुंचने से यह राज्य का सबसे गर्म इलाका बन गया है.

किसानों पर भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर

भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर किसानों, मजदूरों और बाहर काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है. कई इलाकों में पानी की कमी की समस्या भी गंभीर होने के संकेत मिल रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की सलाह दी है.

कुछ दिनों तक विदर्भ में लू जारी रहने की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक विदर्भ में लू जारी रहने की चेतावनी दी है. हालांकि, 20 से 22 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. विदर्भ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, इसलिए नागरिकों को सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. (योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट)

POST A COMMENT