लगातार बारिश से फसलें हो रही हैं बर्बाद!अगस्त में सबसे कम हुई बारिश जहां किसानों के लिए चिंता का विषय बन चुकी थी. वहीं बीते कुछ दिनों लगातार हो रही बारिश की वजह से अब किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है. दरअसल, औरैया जहां तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली है. लेकिन दूसरी ओर किसानों के लिए मुसीबत भी बन गई है. तीन दिन से हो रही बारिश से किसानों की सब्जी को बड़ा नुकसान होता नजर आ रहा है. जहां किसान खेतों में मूली, धनिया, मेथी, पालक समेत अन्य सब्जी की खेती कर रहे थे. लेकिन बारिश ने काफी परेशानी पैदा कर दी है.
जिस वजह से मूली, मेथी, धनिया व पालक की फसल को नुकसान हो रहा है. किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं. जहां वे सब्जियां उगाकर अच्छा मुनाफा कमाते थे लेकिन बारिश ने सब बर्बाद कर दिया.
लगातार हो रही बारिश से परेशान किसान संजीव ने बताया कि सब्जी की फसल अच्छा मुनाफा देती है. मैंने अपने खेतों में धनिया, मूली और पालक की फसल उगाई है. पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से काफी नुकसान हुआ है, जिससे फसल खराब होने की कगार पर है. यह बारिश धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है. वहीं अगर एक-दो दिन और बारिश हुई तो बाजरे की खड़ी फसल पर भी काफी असर पड़ेगा.
इस वर्ष बारिश और किसानों के बीच का तालमेल काफी अस्थिर रहा है. इस साल पहाड़ी इलाकों में ज्यादा बारिश के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ, वहीं अगस्त महीने में कम बारिश ने भी किसानों को काफी परेशान किया है. ऐसे में अगर उत्तर प्रदेश के कई जिलों की बात करें तो पिछले 2-3 दिनों से लगातार हो रही बारिश न सिर्फ किसानों को राहत दे रही है बल्कि उनकी चिंताएं भी बढ़ा रही है.
उत्तर प्रदेश में रविवार को भी भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान पूर्वी यूपी में लगभग सभी जगहों पर बारिश के आसार हैं. लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. राजधानी लखनऊ में आज सुबह से लगातार बारिश हो रही है. तेज हवाएं भी चल रही हैं. लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, एटा, रामपुर, अलीगढ, नोएडा, बुलन्दशहर, संभल, हापुड, मोरादाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनोर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है.
वहीं, हमीरपुर, हरदोई, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, लखीमपुर खीरी और ललितपुर जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ, महोबा, मैनपुरी, पीलीभीत, रायबरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं अंबेडकरनगर, अमेठी, औरैया, अयोध्या, आजमगढ, बदांयू, बहराईच, बलरामपुर और बांदा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बाराबंकी, बरेली, बस्ती, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फ़तेहपुर और फ़िरोज़ाबाद में भी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. (सूरया शर्मा की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today