आज का मौसमदेश में मॉनसून अब धीरे-धीरे वापसी की ओर बढ़ रहा है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया लो प्रेशर कई राज्यों में बारिश का दौर फिर बढ़ा सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 19 सितंबर की शाम उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके बाद यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन और 22 सितंबर को पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन में बदल सकता है.
इस लो प्रेशर के कारण 20 सितंबर को ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, तटीय इलाकों में तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
दिल्ली-NCR में 20 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से गर्म और आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रह सकता है. दिल्ली में बारिश की संभावना देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों की तुलना में कम है. दिन के समय उमस और गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और शाम मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 सितंबर के बाद भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में दिल्ली-NCR के आसपास के इलाकों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
20 सितंबर को ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. ओडिशा और आसपास के इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
बंगाल की खाड़ी में बनने वाला लो प्रेशर आगे बढ़ने के साथ मजबूत हो सकता है, जिससे 22 से 24 सितंबर के दौरान ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 23 सितंबर को दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के साथ हवा की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर को पूर्वी-मध्य और आसपास के अंडमान सागर में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है. इसके बाद 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, 22 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी और इसके बाद पश्चिमी-मध्य और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब हो सकती है. इसी को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. मछुआरों को 21 सितंबर की शाम तक सुरक्षित तट पर लौटने की सलाह दी गई है.
बिहार में 20 से 23 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इन दिनों तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. किसानों के लिए यह बारिश कुछ फसलों के लिए राहत दे सकती है, लेकिन जहां खेतों में पहले से पानी जमा है, वहां जलभराव की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए किसानों को स्थानीय मौसम चेतावनी के अनुसार खेतों में पानी की निकासी की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. 22 सितंबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, जबकि 23 से 25 सितंबर के बीच कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश में भी 24 और 25 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, विदर्भ में 23 और 25 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है. बारिश के साथ कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है.
साथ ही महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है. कोंकण और गोवा में 20 से 25 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 20 से 25 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 22 से 24 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. 21-22 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है. 24-25 सितंबर को तेलंगाना में भी तेज हवाओं और आंधी की संभावना जताई गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today