कैसा रहेगा आज का मौसमभारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 15 सितंबर को गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है, जबकि गुजरात क्षेत्र में बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. इस दौरान तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं से भी सावधानी बरतने की जरूरत है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे उत्तरी गुजरात के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश का प्रमुख कारण है. इसके असर से 15 सितंबर को गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में कई जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.
गुजरात क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है. कोंकण और गोवा में 15 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश का असर बना रहेगा, जबकि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 15 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा. मौसम विभाग ने सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. हालांकि, पूरे शहर में लगातार बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
दिल्ली में हवा मुख्य रूप से पूर्व दिशा से चलेगी और सुबह इसकी गति करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. दोपहर के बाद हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. शाम और रात में हवा की गति घटकर करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रह सकता है.
हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 15 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुली जगहों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश का दौर बना रह सकता है.
वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क मार्गों पर व्यवधान का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में यात्रियों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. विदर्भ में कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है.
पूर्वी भारत में बिहार और झारखंड में छिटपुट बारिश की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
इधर, पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.
केरल और माहे और लक्षद्वीप में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कहीं-कहीं बारिश की संभावना है.
तेलंगाना में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today