22वीं किस्त के रूप में उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलेंगे 4335.11 करोड़ रुपये मोदी-योगी की सरकार खेत से लेकर किसानों के सम्मान तक निरंतर कार्य कर रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी असम से किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त भेजेंगे. इससे उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे. इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4335.11 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे. यूपी के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की अब तक (21वीं किस्त) 94,668.58 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी है. बता दें कि पीएम किसान योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
प्रदेश के कृषि निदेशक डॉ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को जारी होने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे. इन किसानों के खाते में 4335.11 करोड़ की धनराशि आएगी.
उन्होंने बताया कि योजना की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है. इसमें पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता वर्ष में तीन किस्त में प्रदान किए जाने की व्यवस्था है. इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर 2025 को कोयम्बटूर से सम्मान निधि का लाभ किसानों को दिया था.
डॉ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के किसानों के खाते में 21वीं किस्त तक 94668.58 करोड़ रुपये की धनराशि आ चुकी है. वहीं शुक्रवार को 4335.11 करोड़ जारी होने के बाद यह राशि 99003.69 करोड़ रुपये हो जाएगी. उन्होंने बताया कि किसानों को किसी को भी किसी भी तरह का पैसा देने की जरूरत नहीं है. पीएम किसान सम्मान निधि की सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त हैं. अगर कोई पैसा मांगता है तो आप नजदीक के कृषि विभाग में शिकायत कर सकते हैं.
आपको पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का पैसा मिलेगा या नहीं, आप अपने मोबाइल से अभी चेक कर लें. इसके लिए पीएम किसान योजना के ऑफिशियल पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाएं. यहां आपको Know Your Status का विकल्प दिखेगा. इस पर क्लिक करें. अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर भरें और कैप्चा कोड भरें. मोबाइल पर ओटीपी आएगा, उसे भरें, आपके खाते की जानकारी सामने आ जाएगी.
कृषि निदेशक बताते हैं कि पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है. अगर किसी किसान का ई-केवाईसी पूरा नहीं है तो उसके खाते में पैसे नहीं आएंगे. इसके अलावा अब फार्मर आईडी बनवाना भी जरूरी कर दिया गया है. जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उन्हें भी समस्या हो सकती है.
ये भी पढ़ें-
उन्नत गन्ना बीज से चमकेगी UP के किसानों की किस्मत, एनएसआई के बीच हुआ समझौता, जानें फायदे
गाजीपुर के कोंडरी गांव पहुंचा ‘किसान कारवां’, किसानों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today