नीतीश कुमारबिहार चुनाव में प्रचंड जीत के साथ सत्ता में लौटी नीतीश कुमार की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार महिलाओं पर मेहरबान है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली बिहार सरकार ने महिलाओं के खाते में फिर से 10-10 हजार रुपये की धनराशि भेजी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 25 लाख महिलाओं के खाते में यह धनराशि भेजी है. यह धनराशि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत भेजी गई है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं के खाते में धनराशि ट्रांसफर की. जानकारी के मुताबिक यह धनराशि 25 लाख महिलाओं के खाते में भेजी गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ इस मौके पर बिहार सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे.
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस संबंध में कहा कि बिहार देश मे पहला राज्य है, जहां नीतीश कुमार ने महिलाओं के पैसे उनके खाते में भेजे थे. उन्होंने कहा कि अब तक जिनके खाते में कुछ कारणों से पैसा नहीं गए थे या जिन्होंने देर से फॉर्म भरे थे, उनके खाते में आज पैसा भेजा गया है.
श्रवण कुमार ने कहा कि आज जिन महिलाओं के खाते में पैसा भेजा गया है, उनकी संख्या करीब 25 लाख है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के समय कुछ राजनीतिक दलों के नेता यह बोल रहे थे कि पैसा नहीं दिया जाएगा. बिहार की जनता ने उन्हें 35 सीट पर पहुंचा दिया.
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का ऐलान किया था. चुनाव से पहले ही महिलाओं के खाते में इस योजना की पहली किश्त 10 हजार रुपये की धनराशि भेज दी गई थी. सरकार ने अब फिर से 25 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये भेजे हैं.
ये योजना राज्य में महिलाएं खुद का रोजगार शुरू कर सके इसके लिए शुरु किया गया है. इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत उन्हें सहायता राशि दी जा रही है. पहले फेज में 10,000 रुपया दिए जा रहे हैं. इसके बाद दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी. पहले फेज में दिए गए 10 हजार रुपये के उपयोग का आकलन किया जाएगा. यह जिम्मेदारी ग्राम संगठन की होगी. देखा जायेगा कि राशि से दुकान या व्यवसाय शुरू हुआ या नहीं. ग्राम संगठन रिपोर्ट ब्लॉक लेवल पर भेजेगा. इसी के आधार पर आगे की राशि जारी करने का निर्णय लिया जाएगा. (शशि भूषण कुमार की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today