योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाउत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार को 9,12,696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. सबसे खास बात है कि योगी सरकार ने अपने मेगा बजट में महिला सशक्तिकरण को विकास का केंद्र बनाया है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने से लेकर महिलाओं को उद्यमिता की मुख्यधारा में लाया जा रहा है. उत्तर प्रदेश महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 200 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है. इस योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लघु उद्यम स्थापित करने के लिए आसान, ब्याज मुक्त और चरणबद्ध पूंजी उपलब्ध कराना है.
सरकार का फोकस महिलाओं को ऋण निर्भरता से मुक्त कर स्वावलंबी उद्यमी बनाने पर है, ताकि ग्रामीण परिवारों की आय में स्थायी वृद्धि हो और ‘लखपति दीदी’ लक्ष्य को नई रफ्तार मिले. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत छोटे उद्योगों के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त लोन की व्यवस्था रखी गई है.
महिलाओं द्वारा उत्पादित सामान की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना के तहत 100 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया जा रहा है. इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट और बड़े बाजारों में शोरूम/दुकानें तीन वर्ष के लिए किराये पर ली जाएंगी. इनका संचालन शत-प्रतिशत महिलाओं द्वारा किया जाएगा. शुरुआती तीन वर्षों तक किराया सरकार वहन करेगी, इसके बाद स्वयं सहायता समूह और महिला उद्यमी आगे जिम्मेदारी संभालेंगी.
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यूपी सरकार यह बजट निश्चित रूप से प्रदेश में विकास की गति को तेज करेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार पीएम नरेंद्र मोदी की 'सबका साथ-सबका विकास' की नीति को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें-
UP Budget: किसानों और महिलाओं के लिए राहत, बजट में नई योजनाओं का ऐलान
UP Budget: मथुरा में नई डेयरी प्लांट की होगी स्थापना, जानें किसानों के लिए क्या-क्या हुए बड़े ऐलान
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today