‘पीले सोने’ पर बदइंतजामी की मार- कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवालाहरियाणा में गेहूं खरीद, उठान और किसानों को भुगतान में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की खराब व्यवस्था के कारण किसान मंडियों से लेकर खेतों तक परेशान हैं और लाखों मीट्रिक टन गेहूं खुले में पड़ा हुआ है.
सुरजेवाला ने कहा कि किसानों की फसल खरीदने के बाद भी उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है. इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. कई किसानों को अगले सीजन की बुवाई, घर खर्च और बच्चों की फीस तक जुटाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने दावा किया कि करीब 8.23 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद अभी बाकी है, जबकि 42.62 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उठान नहीं हो पाया है. यानी कुल मिलाकर लगभग 50.85 लाख मीट्रिक टन गेहूं खुले में पड़ा हुआ है.
सुरजेवाला ने कहा कि समय पर गोदाम खाली नहीं कराए गए और ट्रांसपोर्ट की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है. उनका आरोप है कि सरकार की लापरवाही से किसानों की मेहनत की फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है.
कांग्रेस नेता ने मंडियों में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि गेहूं उठान के लिए आढ़तियों से प्रति कट्टा 15 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है.
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि MSP पर खरीद के नाम पर सिर्फ धांधली हो रही है और पूरा सिस्टम बहुत धीमी गति से काम कर रहा है.
सुरजेवाला ने कहा कि किसान सालभर मेहनत करता है, लेकिन फसल बेचने के बाद भी उसे सही समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा. इससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही और इसी वजह से हरियाणा के किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें:
Coffee Export: भारत की कॉफी का दुनिया में बढ़ा स्वाद, निर्यात से हुई करोड़ों की कमाई
White Revolution-2: पशुपालकों और पर्यावरण तक के लिए ऐसे फायदेमंद है वाइट रेवोलुशन-2
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today