न्याय हक ट्रैक्टर मोर्चा निकालेगी NSP ( AI- Image)महाराष्ट्र में सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए NCP (SP) ने 1 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने की मांग की है. इस मांग को लेकर पार्टी नागपुर में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान ट्रैक्टर रैली निकालेगी. पार्टी विधायक रोहित पवार ने रविवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह रैली 4 से 9 दिसंबर तक निकाली जाएगी और बुलढाणा जिले के शेगांव से शुरू होकर नागपुर विधानसभा परिसर तक पहुंचेगी.
रोहित पवार ने बताया कि पार्टी प्रमुख शरद पवार के मार्गदर्शन में 'न्याय हक ट्रैक्टर मोर्चा' निकालने का फैसला लिया गया है. उन्होंने शिवसेना (UBT) और कांग्रेस समेत महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दलों से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. नागपुर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया.
रोहित पवार ने मांग की कि सूखे से प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए. इसके अलावा खेतिहर मजदूरों के परिवारों को 25 हजार रुपये की मदद मिलनी चाहिए. उन्होंने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की कर्ज वसूली पर अगले दो साल तक रोक लगाने की भी मांग की. इसके लिए उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से जरूरी निर्देश जारी करने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने सूखा प्रभावित इलाकों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष रोजगार गारंटी योजना शुरू करने की मांग भी उठाई. रोहित पवार ने कहा कि विदर्भ में हालात काफी खराब हैं और किसान आत्महत्या कर रहे हैं.
रोहित पवार ने सूखे की स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सूखे से निपटने के लिए महाराष्ट्र सरकार की पर्याप्त मदद नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि 1972 के अकाल को बेहद गंभीर माना जाता है, लेकिन मौजूदा सूखे की स्थिति उससे भी खराब है. उनके मुताबिक, अब तक राज्य में केवल 17 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुवाई हो पाई है. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today