कपूरथला से चोरी हुआ 'हल्ट दौड़' का चैंपियन 'राजा' भैंसा, ढूंढकर लाने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम

कपूरथला से चोरी हुआ 'हल्ट दौड़' का चैंपियन 'राजा' भैंसा, ढूंढकर लाने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम

पंजाब के कपूरथला स्थित काला संघिया में चोरों ने हल्ट दौड़ के मशहूर 10 साल के चैंपियन भैंसे 'राजा' को चोरी कर लिया. मालिक कमलजीत सिंह ने पुलिस शिकायत दर्ज कराने के साथ ही राजा को ढूंढकर लाने वाले को 1 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम देने का ऐलान किया है, जिसकी पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

Advertisement
कपूरथला से चोरी हुआ 'हल्ट दौड़' का चैंपियन 'राजा' भैंसा, ढूंढकर लाने वाले को 1 लाख रुपये का इनामकपूरथला में भैंसे की तलाश में 1 लाख का इनाम (सांकेतिक तस्वीर)

पंजाब के कपूरथला जिले में स्थित काला संघिया कस्बे में बीते कुछ दिनों से रात के समय भैंसे चोरी होने का सिलसिला लगातार जारी है. चोरी की घटनाओं के चलते चोर बीती रात एक खूह से भैंसा (झोटा) चोरी कर ले गए. सुबह जब मालिक कमलजीत सिंह को इस बारे में पता चला तो उन्होंने भैंसा चोरी होने की शिकायत पुलिस थाने में की. इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपने राजा (झोटे का नाम) को ढूंढने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया. 

भैंसे के मालिक की यह पोस्ट अब काफी वायरल हो रही है. राजा को ढूंढ कर लाने वाले को इतनी बड़ी राशि का इनाम सुनकर सभी लोग चकित हैं. सब यही सोच रहे हैं कि जब इनाम की राशि इतनी बड़ी है, तो भैंसे की कीमत क्या होगी. भैंसे के मालिक ने बताया कि उनका झोटा गांवों में होने वाली हल्ट दौड़ों का राजा है. उसकी चर्चा पूरे जिले के कई गांवों में है. उस दौड़ को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं. यही वजह है कि भैंसे का मालिक उसके लिए ज्यादा फिक्रमंद है.

10 साल से लगातार विजेता रहा है राजा

भैंसे के मालिक कमलजीत सिंह ने बताया कि राजा भैंसा पंजाब के गांवों में होने वाली हल्ट दौड़ में काफी मशहूर हो चुका है. वह पिछले 10 वर्षों से हल्ट दौड़ में लगातार विजेता रहा है. बीती रात उसे खूह से चोर चोरी कर ले गए हैं. उसे ढूंढने की काफी कोशिश की लेकिन सारी कोशिशें व्यर्थ रह गईं. कमलजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने भैंसे का पालन पोषण बच्चों की तरह किया है.

डेढ़ वर्ष का था राजा, तब से लगाता है दौड़

भैंसा राजा के मालिक कमलजीत सिंह ने बताया कि डेढ़ वर्ष होते ही उसे हल्ट दौड़ प्रतियोगिता में डाल दिया गया था. जब वह प्रतियोगिता में उतरता था तो उसके कद काठी को देखकर लोग हैरान हो जाते थे. अब वह 19 वर्ष का हो गया है. उसने पंजाब के कई गांवों में हल्ट दौड़ में अपना प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया हुआ है. खुराक में उसे देसी घी और दूध दिया जाता है. उसकी कीमत 35 लाख रुपये के करीब आंकी जा चुकी है. वह उसे अपनी जान से भी ज्यादा खयाल रखते थे. कभी भी उसे बेचने का खयाल मन में नहीं आया.

अगले साल हल्ट दौड़ में करना था रिटायर्ड

राजा को अगले साल काला संघिया में होने वाली हाल्ट दौड़ के दौरान रिटायर्ड करना था. यह कहते हुए मालिक की आंखों में आंसू आ गए. राजा के मालिक ने कहा कि उसे पगड़ी बांध कर सम्मानजनक हल्ट दौड़ से रिटायर्ड कर देना था. इतने लंबे वर्ष उसने पंजाब में अपनी पहचान के साथा साथ हमारी भी पहचान बना दी है. लेकिन चोरों ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया.(सुकेत गुप्ता का इनपुट)

POST A COMMENT