पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना (AI जनरेटेड इमेज)ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर अब भारत में ईंधन की कीमतों पर भी दिख सकता है. सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर है कि पेट्रोल और डीजल के दाम जल्द बढ़ाए जा सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी पर विचार कर रही है. हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
अगर यह बढ़ोतरी होती है, तो यह करीब 4 साल बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पहली बढ़ोतरी होगी. देश में पेट्रोल-डीजल के दाम साल 2022 से स्थिर हैं. सरकार पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और कच्चे तेल के दामों पर लगातार नजर रखे हुए है.
सरकारी सूत्रों ने बताया कि अगले 5 से 7 दिनों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर फैसला हो सकता है. फिलहाल अंदरूनी स्तर पर कई विकल्पों पर चर्चा चल रही है, ताकि आम लोगों पर महंगाई का असर कम से कम पड़े.
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ घरेलू LPG सिलेंडर भी महंगे हो सकते हैं. सूत्रों के अनुसार, घरेलू LPG की कीमत में 40 से 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी संभव है. हालांकि, इस पर भी अभी मंजूरी मिलना बाकी है.
इससे पहले सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी की है. शुक्रवार को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताई जा रही है.
यह लगातार तीसरे महीने कमर्शियल LPG महंगा हुआ है. पश्चिम एशिया में संघर्ष के चलते दुनिया भर में कच्चे तेल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं, जिसका सीधा असर भारत में LPG के रेट पर पड़ा है.
दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर, जिसका इस्तेमाल होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में होता है, अब 3,071.50 रुपये का हो गया है. इससे पहले इसकी कीमत 2,078.50 रुपये थी. 1 अप्रैल को कीमत 195.50 रुपये बढ़ी थी और 1 मार्च को 114.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी.
इन तीन महीनों में मिलाकर कमर्शियल LPG के दाम कुल 1,303 रुपये बढ़ चुके हैं.
दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियों पर भारी वित्तीय बोझ पड़ा है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि लंबे समय तक कीमतें नियंत्रित रखने से कंपनियों को नुकसान हो रहा है, इसलिए दाम बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, सरकार का दावा है कि वह आम जनता पर महंगाई का बोझ कम से कम डालने की कोशिश कर रही है और कोई भी फैसला स्थिति की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा.(चेतन भूटानी का इनपुट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today