Fake Jeera: सीमेंट और केमिकल से बना रहे थे नकली जीरा, ब्रांडेड पैकेट में भरकर बेचा, अब पुलिस ने मारा छापा

Fake Jeera: सीमेंट और केमिकल से बना रहे थे नकली जीरा, ब्रांडेड पैकेट में भरकर बेचा, अब पुलिस ने मारा छापा

ग्वालियर में मिलावटखोरों का खतरनाक खेल उजागर हुआ है. सीमेंट और केमिकल से तैयार नकली जीरा बाजार में खपाने की तैयारी थी. पुलिस की छापेमारी में 46 बोरियां जब्त हुई हैं. यह नकली मसाला कितनी दूर तक सप्लाई हुआ, जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.

Advertisement
सीमेंट और केमिकल से बना रहे थे नकली जीरा, ब्रांडेड पैकेट में भरकर बेचा, अब पुलिस ने मारा छापाग्‍वालियर में पकड़ाया नकली जीरा

ग्वालियर में मिलावटखोरों का एक बेहद खतरनाक और चौंकाने वाला खेल सामने आया है, जिससे आम लोगों की सेहत संकट में आ जाती. पुलिस ने यहां सीमेंट और केमिकल से तैयार किए जा रहे नकली जीरे की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से 46 बोरियां नकली जीरा जब्त की गई हैं, जिन्हें बाजार में असली बताकर खपाने की तैयारी थी. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल का लेप लगाकर उन्हें जीरे का रूप दिया जा रहा है.

ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट में भरकर माल खपा रहे थे

इस नकली जीरे को ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाले पैकेट्स में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था, ताकि ग्राहक आसानी से धोखा खा जाएं और असली-नकली की पहचान न कर सकें. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में नकली जीरा बरामद हुआ.

काफी समय से चल रहा था अवैध कारोबार

जांच के दौरान सामने आया कि यह नकली जीरा लंबे समय से बाजार में खपाया जा रहा था और इससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था. पुलिस ने इस मामले में कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. खाद्य सुरक्षा से जुड़े कानूनों के साथ-साथ कॉपीराइट एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है, क्योंकि नकली उत्पादों को ब्रांडेड पैकेजिंग में बेचा जा रहा था.

ASP बोले- आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नकली जीरे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. इस खुलासे के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. (सर्वेश पुरोहित की रिपोर्ट)

POST A COMMENT