बैल पर बैठकर तहसील कार्यालय पहुंचा किसानमहाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में बिना शर्त पूरी कर्जमाफी की मांग को लेकर एक किसान ने अनोखे अंदाज में आंदोलन कर प्रशासन और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. कर्ज से परेशान किसान बैल पर सवार होकर सीधे राजुरा तहसील कार्यालय पहुंच गया और वहां जोरदार नारेबाजी करते हुए कर्जमाफी की मांग उठाई. जानकारी के अनुसार, आंदोलन करने वाले किसान का नाम दिवाकर हिरामन पहनपाटे है, जो राजुरा तहसील के गोयेगाव गांव का निवासी है. किसान ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अपनी आर्थिक परेशानी और खेती से जुड़े संकट को प्रशासन के सामने प्रतीकात्मक तरीके से रखने का प्रयास किया.
आमतौर पर किसान अपनी मांगों को लेकर धरना, प्रदर्शन, मोर्चा या ज्ञापन का रास्ता अपनाते हैं, लेकिन इस किसान ने ग्रामीण जीवन और खेती की पहचान माने जाने वाले बैल को अपने आंदोलन का माध्यम बनाया. किसान का कहना है कि बढ़ते कर्ज और खेती की कठिन परिस्थितियों ने किसानों की स्थिति को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया है.
बैल पर सवार होकर किसान के तहसील कार्यालय पहुंचने से कुछ समय के लिए परिसर में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया. किसान ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नारे लगाए और कर्जमाफी की मांग दोहराई.
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है. घटना के बाद किसानों की आर्थिक चुनौतियों और लंबे समय से उठ रही कर्जमाफी की मांग एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है.
घटना के बाद विभिन्न किसान संगठनों ने सरकार से संकटग्रस्त किसानों को राहत देने और बिना शर्त कर्जमाफी करने की मांग उठाई है. किसानों का कहना है कि एक तरफ मॉनसून से अपेक्षित राहत नहीं मिली है और दूसरी तरफ बढ़ता कर्ज किसानों की चिंता बढ़ा रहा है.
बता दें कि महाराष्ट्र कैबिनेट हाल ही में कर्जमाफी को मंजूरी दे चुका है, लेकिन इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आने के बाद यह कहा जा रहा है कि महायुति सरकार ने कर्जमाफी में कई शर्तें लगाई हैं, जिससे किसानों को सही से कर्जमाफी योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा. इसी को लेकर विपक्षी दल भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं और बिना किसी शर्त के कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं. (विकास राजुरकर की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today