किसानों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शनछत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के खड़गवां में किसानों को खाद और डीजल की कमी को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, साथ ही राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है. उनका कहना है कि पहले किसानों के लिए खाद-बीज और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित रहती थी, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि किसानों को डीजल लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खेती के सीजन में किसानों को समय पर खाद और डीजल नहीं मिलना सरकार की नाकामी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं के कारण किसानों को बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
कांग्रेस ने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों और जिला कार्यालय का घेराव किया जाएगा. साथ ही सहकारी समितियों में किसानों के साथ मिलकर प्रदर्शन कर समितियों में तालाबंदी की जाएगी. यदि सरकार और प्रशासन ने किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो मंत्रियों के आवासों के बाहर भी विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी की जाएगी.
प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराने और कृषि कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की. कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी है कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा.
किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसान परेशान हैं. उन्होंने कहा कि पहले एक एकड़ जमीन के लिए करीब एक क्विंटल डीएपी, एक क्विंटल यूरिया और एक बोरी पोटाश की जरूरत पूरी हो जाती थी, लेकिन अब खाद की उपलब्धता कम कर दी गई है. ऐसे में किसान अपनी खेती कैसे कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि किसानों को डीजल और खाद की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है. किसानों को समय पर जरूरी संसाधन नहीं मिल रहे हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि किसानों की नौ प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी.
वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने भी सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में किसान खाद, यूरिया, डीएपी और डीजल की कमी से परेशान हैं. उन्होंने सरकार की खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जानी चाहिए. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि खेती के समय किसानों को जरूरी संसाधन नहीं मिलेंगे तो फसल उत्पादन पर असर पड़ेगा. उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराए, ताकि किसान समय पर खेती का काम पूरा कर सकें. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की मांगें पूरी होने तक वे किसानों के साथ खड़े रहेंगे और उनकी समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे. (धीरेन्द्र विश्वकर्मा की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today