किसान गैलन में भरवा रहे डीजलअंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और युद्ध की खबरों का असर अब आम लोगों और किसानों पर भी दिखने लगा है. दरअसल, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर फैल रही चर्चाओं और अफवाहों ने यूपी के बाराबंकी जिले में अजीब सा माहौल बना दिया है. कहीं पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है तो कहीं किसान गाड़ियों के साथ-साथ ड्रम, कैन और गैलन लेकर डीजल-पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे बन गए हैं कि सामान्य दिनों में शांत दिखने वाले पेट्रोल पंपों पर अचानक लंबी-लंबी कतारें लग गईं. कई इलाकों में यह बात फैलने लगी है कि जल्द ही पेट्रोल और डीजल की कमी हो सकती है या फिर इनके दाम अचानक बढ़ सकते हैं. यही कारण है कि किसान पहले से ही तेल जमा करने की कोशिश में जुट गए हैं.
बाराबंकी जिले में पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी और कीमतों में बढ़ोतरी की चर्चा ने लोगों को बेचैन कर दिया है. बाराबंकी के कई पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को भारी भीड़ देखने को मिली. श्री विष्णु नारायण फिलिंग सेंटर आजगना, सद्दीपुर थाना जहांगीराबाद और तहसील फतेहपुर स्थित नेशनल ट्रेडिंग कंपनी पेट्रोल पंप पर सैकड़ों लोग डीजल भरवाने के लिए पहुंच गए. जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ सौ से अधिक किसान अपने-अपने ड्रम और कैन लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए. कई किसान ट्रैक्टर लेकर भी पहुंचे, ताकि एक बार में ज्यादा मात्रा में डीजल भरवा सकें.
किसान आशंका जता रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय हालातों के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए वे पहले से ही डीजल का भंडारण करना चाह रहे हैं. वहीं, पंप कर्मियों ने बताया कि अचानक इतनी भीड़ उमड़ने से व्यवस्था प्रभावित हो गई है. साथ ही पंप की एक मशीन खराब होने के कारण डीजल वितरण की गति धीमी हो गई है, जिससे लंबी-लंबी लाइन लग रही है.
किसानों का कहना है कि इस समय खेती का मौसम चल रहा है और खेतों में काम के लिए डीजल बेहद जरूरी है. अगर अचानक डीजल की कमी हो गई या दाम बढ़ गए तो खेती पर सीधा असर पड़ सकता है. इसी वजह से किसान पहले से ही डीजल जमा करने की कोशिश कर रहे हैं. कई किसानों ने बताया कि वे पिछले डेढ़ से दो घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक उनकी बारी नहीं आई. एक किसान ने कहा, हम डीजल भरवाने आए हैं, भीड़ बहुत ज्यादा है. करीब डेढ़ घंटे से लाइन में खड़े हैं. खेती का काम है, इसलिए डीजल जरूरी है.
इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. जिला प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. जिलाधिकारी ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक घबराहट पैदा हो रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल खरीदें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today