रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो मावा नष्ट

रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो मावा नष्ट

रक्षाबंधन और जन्माष्टमी से पहले बागपत में खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 400 किलो संदिग्ध मावा नष्ट कराया, जबकि पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. कार्रवाई के बाद मावा-पनीर कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

Advertisement
रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो मावा नष्टपकड़ा गया 400 किलो मावा

रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है. इसी का फायदा उठाकर कुछ मिलावटखोर नकली या खराब क्वालिटी वाला मावा और पनीर बाजार में बेचने की कोशिश करते हैं. इसी आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में जांच अभियान चलाया. खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों में मावे की भट्टियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान वहां तैयार किए जा रहे मावे और पनीर की क्वालिटी की जांच की गई. टीम ने कई जगहों से मावा और पनीर के नमूने भी लिए. इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.

पकड़ा गया 400 किलो मावा

जांच अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने करीब 400 किलो मावा पकड़ा. इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध पनीर भी बरामद किया गया, जो खाद्य सामग्री तय मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, उसे बाजार में बिकने से पहले ही नष्ट करा दिया गया. कुछ जगहों पर खराब और संदिग्ध मावे और पनीर को गड्ढा खोदकर जमीन में नष्ट किया गया. वहीं, जिन खाने वाली चीजों की क्वालिटी की जांच जरूरी थी, उनके नमूने लिए गए और प्रयोगशाला भेजे गए.

मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले हुई इस कार्रवाई से मावा और पनीर का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है.  खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. विभाग की ओर से मिलावटी और घटिया क्वालिटी के खाने वाले सामान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के असिस्टेंट कमिश्नर डीपी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए जिले में कई जगह मावे की भट्टियों पर छापेमारी की गई. इस दौरान करीब 400 किलो मावा और अलग-अलग स्थानों से पनीर पकड़ा गया. मानकों पर खरा नहीं उतरने वाली खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया गया है. उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य विभाग का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और अच्छी क्वालिटी वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहारों में बढ़ती मिठाइयों की मांग का फायदा उठाकर मिलावटी मावा और पनीर बेचने वालों पर सख्ती जारी रहेगी. (मनुदेव उपाध्याय की रिपोर्ट)

POST A COMMENT