किसानों के लिए गुमनाम चिट्ठीउत्तर प्रदेश के सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पंचायत सदस्य समेत पांच किसानों को गुमनाम धमकी भरी चिट्ठियां मिलीं. इन चिट्ठियों में किसानों से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है. फिरौती न देने की स्थिति में पूरे परिवार को जिंदा जलाने और खेतों को आग के हवाले करने की धमकी दी गई है. एक साथ कई किसानों के नाम इस तरह की चिट्ठियां मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बुड्डाखेड़ा निवासी जिला पंचायत सदस्य रामदास सैनी पुत्र आत्माराम ने बताया कि 3 फरवरी की सुबह वह अपने खेत पर पहुंचे थे. खेत में बने कोठे के गेट पर उन्हें लाल स्याही से लिखी गुमनाम धमकी भरी चिट्ठी मिली. इसी तरह गांव के अन्य किसानों के खेतों पर भी ऐसी ही चिट्ठियां पाई गईं, जिससे सभी किसान भयभीत हो गए.
धमकी भरी चिट्ठियों में साफ तौर पर 13 फरवरी तक पांच लाख रुपये देने का अल्टीमेटम दिया गया है. चिट्ठी में यह भी लिखा गया है कि अगर पुलिस को सूचना दी गई या पैसे नहीं दिए गए, तो पूरे परिवार को जिंदा जला दिया जाएगा और खेतों में आग लगा दी जाएगी. इस तरह की गंभीर धमकियों से सहमे किसानों ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए गंगोह कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने पीड़ित किसानों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है. एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना गंगोह के ग्राम बुड्ढा खेड़ा में एक व्यक्ति को गुमनाम धमकी भरी चिट्ठी मिली है, जिसमें पैसों की मांग की गई है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि गुमनाम चिट्ठियां ज्यादातर किसानों के खेतों में लहे ट्यूबवेल पर मिली है, जिसमें किसानों को धमकी दी गई है और पैसों की भी डिमांड की गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today