
मुजफ्फरपुर में रेड रॉयल मैंगो इनदिनों काफी चर्चा में है. यह आम किसान भूषण सिंह के बागों में है. जिसमें 400 ग्राम से 500 ग्राम तक का एक रेड रॉयल आम लगा हुआ है. जिसे दूर-दूर से किसान आकर देख रहे हैं और इसके बारे में जानकारी ले रहे हैं.

मालूम हो कि मुजफ्फरपुर में पहली बार रेड रॉयल मैंगो के पौधे में फल लगा है. रेड रॉयल मैंगो को सबसे मीठा आम बताया जाता है. किसान भूषण सिंह पश्चिम बंगाल से इसे लाकर लगाए थे, और तीन साल के बाद उसमें इस सीजन में फल लगा है. रेड रॉयल मैंगो का वजन 400 से 500 ग्राम तक है और इसकी कीमत 600 रुपए प्रति किलो बताई जा रही है.

आम के शौकीन किसान भूषण सिंह ने बताया कि कई तरह के आम हम अपने बागान में लगाए हुए हैं और लोगों की डिमांड पर इसका नर्सरी भी करके दूसरे किसानों को देते हैं.

उन्होंने बताया कि तीन साल पहले पश्चिम बंगाल से लाकर लगाया था और तीन साल बाद इसमें फल आ गया है. फल उम्मीद से ज्यादा बड़े साइज का है. यह आम काफी स्वादिष्ट और मीठा है.

देखने में काफी अलग और खूबसूरत है. अपनी सारी खासियतों की वजह से यह आम काफी मांग में है. लोग दूर-दूर से इसे देखने और खरीदने आ रहे हैं.

मोतीपुर से आम का फल देखने आए किसान शत्रुधन राय ने बताया कि हम मोतीपुर के डुमरिया गांव से आए हैं. इस आम को देखकर काफी खुश हैं. हम इसे अपने खेत और घर में भी लगाना चाहते हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today