
बाजार में सब्जियों के बढ़ते दाम आम लोगों के घर का बजट बिगाड़ रहे हैं. ऐसे में अगर आपके घर में थोड़ी सी बालकनी या छत की जगह है, तो आप वहां गमले में टमाटर उगाकर ताजी सब्जी घर पर ही तैयार कर सकते हैं. बता दें कि अभी टमाटर का खुदरा भाव 60 रुपये किलो है. ऐसे में इसे घर में उगाकर आप महंगे टमाटर खरीदने से बच सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे?

टमाटर उगाने के लिए बड़े खेत की जरूरत नहीं होती. घर की बालकनी, छत या किसी छोटे खुले जगह में कुछ गमले रखकर आसानी से टमाटर के पौधे तैयार किए जा सकते हैं. ऐसे में थोड़ी मेहनत से घर के इस्तेमाल के लिए ताजे टमाटर मिल सकते हैं.

टमाटर के पौधे के लिए कम से कम 10 से 12 इंच गहरा गमला या प्लास्टिक ग्रो बैग लें. गमला जितना सही होगा, पौधे की जड़ों को उतनी ही अच्छी जगह मिलेगी और पौधा बेहतर तरीके से बढ़ सकेगा.

पौधे के अच्छे विकास के लिए मिट्टी का उपजाऊ और हल्का होना जरूरी है. इसके लिए सामान्य मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट और थोड़ी कोकोपीट मिलाई जा सकती है. इससे मिट्टी में पोषक तत्व बने रहते हैं और पानी की निकासी भी बेहतर होती है.

टमाटर उगाने के लिए बाजार से अच्छी क्वालिटी वाले बीज खरीदे जा सकते हैं. इसके अलावा घर में मौजूद पके हुए टमाटर से भी पौधा तैयार किया जा सकता है. पके टमाटर के स्लाइस को मिट्टी में हल्का दबाकर पानी डालने पर कुछ दिनों में छोटे पौधे निकल आते हैं.

टमाटर के पौधे को रोजाना करीब 5 से 6 घंटे सीधी धूप मिलना जरूरी है. गमले में पानी तभी डालें जब ऊपर की मिट्टी सूखने लगे. जरूरत से ज्यादा पानी देने पर पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं और पत्तियां पीली होकर गिरने लगती हैं.

जब टमाटर का पौधा बड़ा होने लगे तो उसे लकड़ी या स्टिक का सहारा देकर बांध दें. इससे पौधा फलों के वजन से झुकेगा या टूटेगा नहीं. इस तरह थोड़ी सी जगह, सही मिट्टी और नियमित देखभाल के साथ आम लोग भी घर पर ताजे टमाटर उगा सकते हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today