रायपुर में लगेगा आमों का महाकुंभ: 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्में होंगी प्रदर्शित

रायपुर में लगेगा आमों का महाकुंभ: 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्में होंगी प्रदर्शित

रायपुर में 29 से 31 मई 2026 तक राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित होगा. इसमें आम की 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्मों का प्रदर्शन, प्रतियोगिताएं और किसानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा.

Advertisement
रायपुर में लगेगा आमों का महाकुंभ: 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्में होंगी प्रदर्शितआम महोत्सव

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर आम प्रेमियों, किसानों और उद्यमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 29 से 31 मई 2026 तक कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा. इस भव्य आयोजन में देश और विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा.

दुर्लभ और खास किस्मों से रूबरू होंगे लोग

राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की पारंपरिक, दुर्लभ और विदेशी किस्में लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी. प्रदर्शनी में केवल आम के फल ही नहीं, बल्कि आम के पौधे, आम से बने उत्पाद और प्रसंस्कृत सामग्री भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी. आम प्रेमियों को एक ही स्थान पर स्वाद, रंग और सुगंध की अनूठी विविधता देखने को मिलेगी.

देशभर के आम उत्पादक होंगे शामिल

इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक हिस्सा लेंगे. आयोजन के दौरान आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी 5 से 10 आम प्रति किस्म के साथ भाग ले सकेंगे. इससे किसानों को अपनी विशेष किस्मों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.

आम से बने व्यंजनों की भी होगी प्रतियोगिता

महोत्सव में आम से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी. इसमें प्रतिभागी न्यूनतम 250 ग्राम आम उत्पाद के साथ शामिल हो सकेंगे. इसके अलावा आम सजावट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी, महिलाएं तथा आम नागरिक भाग ले सकेंगे. प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है.

तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

महोत्सव के पहले दिन 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा. इसके बाद प्रदर्शनी आम जनता के लिए प्रतिदिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी. आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

किसानों और युवाओं को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन

30 मई को आम उत्पादक किसानों, उद्यमियों और युवाओं के लिए विशेष तकनीकी परिचर्चा आयोजित की जाएगी. इसमें विशेषज्ञ उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे. किसानों को आधुनिक तकनीक के जरिए बेहतर उत्पादन और अधिक लाभ कमाने के उपाय भी बताए जाएंगे.

विशेषज्ञ यह भी समझाएंगे कि आम उत्पादन को पर्यावरण संरक्षण के साथ एक लाभकारी और स्वास्थ्यवर्धक व्यवसाय के रूप में कैसे विकसित किया जा सकता है. आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को बागवानी और कृषि आधारित उद्यमिता की ओर आकर्षित करना भी है.

सफलता की कहानियां बनेंगी प्रेरणा

महोत्सव के अंतिम दिन 31 मई को सफल आम उत्पादक किसानों और उद्यमियों की प्रेरणादायक सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी. इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा.

आम उत्पादन को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

आयोजकों के अनुसार राष्ट्रीय आम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आम की सामान्य और विशेष किस्मों को आमजन तक पहुंचाना, आम आधारित उत्पादों को बढ़ावा देना तथा किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों और नव उद्यमियों को आम उत्पादन के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है.

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय आम महोत्सव का सफल आयोजन कर रहा है और इसे किसानों व आम जनता से शानदार प्रतिसाद मिला है. इस बार भी आयोजन को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है. 

POST A COMMENT