3 साल से अटकी जमीन की पैमाइश हुई पूरी, खुश किसान जंगली ककोड़े लेकर DM का जताने पहुंचा आभार

3 साल से अटकी जमीन की पैमाइश हुई पूरी, खुश किसान जंगली ककोड़े लेकर DM का जताने पहुंचा आभार

आगरा में तीन साल से जमीन की पैमाइश के लिए भटक रहे किसान को जिलाधिकारी के एक आदेश से न्याय मिला. कार्रवाई पूरी होने पर किसान जनता दर्शन में जंगली ककोड़े लेकर डीएम का आभार जताने पहुंचा. यह अनोखा दृश्य प्रशासन और जनता के बीच बढ़ते विश्वास की मिसाल बन गया.

Advertisement
3 साल से अटकी जमीन की पैमाइश हुई पूरी, खुश किसान जंगली ककोड़े लेकर DM का जताने पहुंचा आभार

आगरा कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान शुक्रवार को एक भावुक और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली. जब जिलाधिकारी मनीष बंसल आम लोगों की समस्याएं सुन रहे थे, तभी एक किसान हाथ में थैला लेकर उनसे मिलने पहुंचा। थैले में कोई आवेदन या दस्तावेज नहीं, बल्कि जंगली ककोड़े थे. किसान इन्हें जिलाधिकारी को भेंट कर उनका आभार व्यक्त करना चाहता था.किसान के चेहरे पर तीन साल पुराने विवाद के खत्म होने की खुशी साफ झलक रही थी, जिसे देखकर जिलाधिकारी भी मुस्कुरा उठे.

तीन साल से लंबित थी जमीन की पैमाइश

यह मामला तहसील बाह के ग्राम बसई अरेला निवासी किसान रामप्रकाश पुत्र रोशनलाल से जुड़ा है.किसान की जमीन की पैमाइश पिछले तीन वर्षों से लंबित थी. रामप्रकाश का आरोप था कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल बार-बार शिकायत के बावजूद पैमाइश नहीं कर रहे थे.इतना ही नहीं, शिकायत करने पर मामले में गलत रिपोर्ट लगाकर उसे लगातार टालने की कोशिश की जा रही थी, जिससे वह लंबे समय से परेशान था.

संपूर्ण समाधान दिवस में लगाई थी गुहार

किसान ने अपनी समस्या लेकर 6 जुलाई को तहसील बाह में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष बंसल से मुलाकात की. जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लिया और मौके पर ही संबंधित राजस्व निरीक्षक को तलब कर कड़ी फटकार लगाई.उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान की भूमि की पैमाइश तत्काल कराई जाए और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

DM के निर्देश के बाद पूरी हुई कार्रवाई

जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम हरकत में आई और किसान की जमीन की पैमाइश पूरी कर दी गई.वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होने के बाद किसान ने राहत की सांस ली.

जंगली ककोड़े देकर जताया आभार

शुक्रवार को जनता दर्शन में किसान रामप्रकाश एक बार फिर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचा. इस बार वह शिकायत लेकर नहीं, बल्कि धन्यवाद देने आया था.अपने खेत और जंगल से लाए जंगली ककोड़े जिलाधिकारी को भेंट कर उसने कहा कि अब उसकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है.किसान का यह अनोखा अंदाज वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

जनसुनवाई व्यवस्था पर बढ़ा भरोसा

यह घटना इस बात का उदाहरण है कि यदि प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करे तो वर्षों से लंबित समस्याओं का भी समय पर समाधान संभव है. किसान का अनोखे तरीके से आभार व्यक्त करना प्रशासन और आम जनता के बीच बढ़ते विश्वास की भी मिसाल बन गया. 

 

POST A COMMENT