कृषि विश्वविद्यालयों के लिए प्रवेश परीक्षाउत्तर प्रदेश के 4 कृषि विश्वविद्यालयों में एडमिशन के लिए 10 और 11 जून, 2026 को प्रवेश परीक्षा की तारीख निर्धारित की गई है. शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के चारों कृषि विश्वविद्यालयों, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय बांदा, चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या और सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने वाली है. इन विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए बांदा, अयोध्या, आगरा, बरेली, कानपुर, मेरठ, वाराणसी, आजमगढ़, झांसी, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज शहरों में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तारीख 10 और 11 जून 2026 को निर्धारित की गई है.
इन 4 विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र दिनांक 30 मार्च, 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से भरे जाएंगे. कोर्स, परीक्षा की पात्रता, शुल्क, सीटों की संख्या और अन्य विवरण वेबसाइट www.upcatetexam.org या www.buat.edu.in पर उपलब्ध हैं.
कृषि और उससे जुड़े तकनीकी विषयों में शिक्षा पाने के बाद रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं. प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जाने वाले अलग-अलग विषयों में युवा वर्ग अपनी दिलचस्पी के अनुसार कोर्स का चयन कर सकते हैं. आधुनिक समय में कृषि विज्ञान, पशुचिकित्सा विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, फूड प्रोसेसिंग तकनीकी, बागवानी, पोल्ट्री पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, डेयरी, पोल्ट्री फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट, मृदा विज्ञान, सस्य विज्ञान, कृषि अभियांत्रिकी, कृषि अर्थशास्त्र, कृषि प्रबंध शास्त्र आदि क्षेत्रों में युवा अपना कैरियर बना रहे हैं.
उच्च शिक्षा में देश-विदेश में पढ़ाई के अवसर के साथ युवक कृषि उद्योग, कृषि व्यवसाय जैसे स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं. देश में कृषि में रिसर्च के भी कई मौके हैं जिसके माध्यम से शोध के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं बन रही हैं. अनेकों छात्रों ने बांदा विश्वविद्यालय से शिक्षा हासिल करने के बाद देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश प्राप्त किया है.
अनेकों छात्रों ने प्रतिष्ठित सरकारी या गैर सरकारी संस्थानों में रोजगार भी पाया है. इससे प्रदेश के किसानों, युवाओं और कृषि क्षेत्र में रिसर्च करने वालों को कई मौके मिल रहे हैं और प्रदेश में कृषि तकनीकी ज्ञान का भी तेजी से विस्तार हो रहा है. प्रवेश परीक्षा की पूरी जानकारी पाने के लिए www.upcatetexam.org या www.buat.edu.in पर विजिट कर सकते हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today