राजस्‍थान से हरियाणा पहुंचने वाला था 680 लीटर मिलावटी दूध, खाद्य विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

राजस्‍थान से हरियाणा पहुंचने वाला था 680 लीटर मिलावटी दूध, खाद्य विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान के अलवर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा की वीटा डेयरी भेजे जा रहे 680 लीटर मिलावटी, बदबूदार और खट्टे दूध को जब्त कर नष्ट कर दिया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की जांच में दूध गुणवत्ता मानकों पर फेल मिला. विभाग अब संबंधित डेयरी कोड बंद कराने की कार्रवाई करेगा.

Advertisement
राजस्‍थान से हरियाणा पहुंचने वाला था 680 लीटर मिलावटी दूध, खाद्य विभाग ने की बड़ी कार्रवाईखाद्य विभाग ने जांच में फेल दूध जब्‍त कर नष्‍ट किया

राजस्थान के अलवर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 680 लीटर संदिग्ध और बदबूदार दूध जब्त कर नष्ट कर दिया. विभाग को सूचना मिली थी कि खैरथल क्षेत्र से हरियाणा की डेयरी में मिलावटी दूध भेजा जा रहा है. सूचना के आधार पर मुंडावर तहसील में वाहनों की जांच अभियान चलाया गया, जहां एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी जांच की गई. जांच के दौरान सफेद रंग की पिकअप (नंबर RJ 32 GE 5362) में 17 स्टील के कैनों में करीब 680 लीटर दूध मिला. वाहन को अलवर के चाकोलिया की ढाणी निवासी मोहित पुत्र सोम सिंह चला रहा था. प्रारंभिक जांच में दूध की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर मौके पर ही इसकी विस्तृत जांच कराई गई.

मोबाइल लैब की जांच में मिला मिलावट का संकेत

खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि पिकअप में दो डेयरी कोड धारकों का दूध हरियाणा की वीटा डेयरी भेजा जा रहा था. इनमें ग्राम भुरियावास निवासी विक्रम पुत्र प्रहलाद (37 वर्ष) और लोकेश यादव (27 वर्ष) शामिल हैं. मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जांच करने पर दूध में मिलावट के संकेत मिले. जांच के दौरान यह भी पाया गया कि मिश्रित दूध फटा हुआ, खट्टा और तेज बदबू वाला था. इसके बाद पूरे 680 लीटर दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.

वीटा डेयरी को भेजा जाएगा पत्र

हेमंत कुमार यादव ने बताया कि विभाग की ओर से हरियाणा की वीटा डेयरी को पत्र भेजकर संबंधित दूध विक्रेताओं के डेयरी कोड बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. साथ ही डेयरी को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा जाएगा कि भविष्य में इस तरह का मिलावटी या खराब गुणवत्ता वाला दूध स्वीकार न किया जाए.

कार्रवाई के बाद दूध कारोबारियों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के दौरान महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मौजूद रहे. खाद्य विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दूध कारोबारियों में हड़कंप मच गया और कई दूध से भरे वाहन रास्ते में ही रुक गए. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

POST A COMMENT