पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने के रिकॉर्ड 1,152 मामले, सीजन का आंकड़ा 4,459 पहुंचा

पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने के रिकॉर्ड 1,152 मामले, सीजन का आंकड़ा 4,459 पहुंचा

पंजाब में दिवाली के दिन 8 नवंबर को खेतों में आग लगने के 1,152 मामले दर्ज हुए, जो एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है. इस सीजन अब तक कुल 4,459 फार्म फायर की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. तरनतारन सबसे ज्यादा प्रभावित जिला रहा, जबकि 91 फीसदी धान कटाई के बावजूद पराली जलाना जारी है.

Advertisement
पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने के रिकॉर्ड 1,152 मामले, सीजन का आंकड़ा 4,459 पहुंचापंजाब में रिकॉर्ड संख्या में जली पराली(File Photo: ITG)

पंजाब में इस सीजन दिवाली के दिन पराली जलाने के मामलों में एक दिन में सबसे बड़ा उछाल दर्ज किया गया. 8 नवंबर को राज्य में खेतों में आग लगने के 1,152 मामले सामने आए. इसके साथ ही इस सीजन में अब तक खेतों में आग लगने की कुल संख्या बढ़कर 4,459 हो गई है. खास बात यह है कि पंजाब में धान की करीब 91 फीसदी फसल की कटाई हो चुकी है, इसके बावजूद कई जिलों में पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं.

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO के प्रोटोकॉल के तहत तैयार ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में इस सीजन अब तक 4,459 फार्म फायर की घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें से 2,998 खेतों का निरीक्षण किया गया, जबकि 1,317 जगहों पर जांच के बाद पराली जलाने की पुष्टि हुई है.

तरनतारन इस सीजन सबसे ज्यादा प्रभावित जिला रहा है. यहां खेतों में आग लगने के 684 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 306 मामलों में जांच के बाद पराली जलाने की पुष्टि हुई. इसी जिले में सबसे ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं और पर्यावरण मुआवजे की सबसे ज्यादा वसूली भी हुई है.

इन जिलों में भी अधिक मामले

फिरोजपुर 592 मामलों के साथ दूसरे नंबर पर रहा. इनमें से 247 मामलों में जांच के बाद पराली जलाने की पुष्टि हुई है. पंजाब के दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं. तरनतारन, फिरोजपुर, संगरूर, बठिंडा, फरीदकोट और मोगा सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं. वहीं होशियारपुर, पठानकोट, रूपनगर और एसबीएस नगर में अपेक्षाकृत कम मामले सामने आए हैं.

जुर्माना लगा, लेकिन पूरी वसूली नहीं

पराली जलाने के मामलों में जुर्माना लगाए जाने के बावजूद उसकी पूरी वसूली नहीं हो सकी है. पर्यावरण मुआवजे के तौर पर 62.55 लाख रुपये लगाए गए, लेकिन अब तक सिर्फ 32.60 लाख रुपये ही वसूल किए गए हैं. यानी करीब 52 फीसदी रकम की ही वसूली हो पाई है.

वहीं निगरानी अधिकारियों पर भी अब तक सीमित कार्रवाई हुई है. कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट यानी CAQM एक्ट की धारा 14 के तहत अभी तक सिर्फ 18 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है. हालांकि, इनमें से किसी के खिलाफ अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है.

कटाई लगभग पूरी, फिर भी जारी है पराली जलाना

पंजाब में धान की करीब 91 फीसदी फसल की कटाई हो चुकी है. इसके बावजूद कई जिलों में खेतों में आग लगाने के मामले सामने आ रहे हैं. खासकर मालवा क्षेत्र और बॉर्डर बेल्ट में पराली जलाने की घटनाएं जारी हैं. इससे पहले 15 सितंबर से 5 नवंबर तक के आंकड़ों में भी तरनतारन सबसे ज्यादा प्रभावित जिला था. इस समय में वहां 586 मामले सामने आए थे, जबकि फिरोजपुर में 361 मामले दर्ज किए गए थे. उस समय तक पंजाब में खेतों में आग लगने के कुल 2,787 मामले सामने आए थे. पराली जलाने को लेकर 710 FIR दर्ज की गई थीं.

POST A COMMENT