MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारीमध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अगर किसानों को राहत नहीं मिली तो वे 7 मई को आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करेंगे. सीहोर जिले के बुधनी में मंगलवार को आयोजित ‘किसान आक्रोश सत्याग्रह’ में जीतू पटवारी ने किसानों से जुड़े कई मुद्दों को उठाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कमी, समर्थन मूल्य पर खरीद में रुकावट, जूट बैग की कमी और जमीनों पर कब्जे जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि किसान कर्ज में दबे हैं और अपनी उपज का उचित दाम नहीं पा रहे हैं.
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम लेकर कहा कि वे मध्य प्रदेश से आते हैं, लेकिन राज्य के किसानों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है. उन्होंने आरोप लगाया कि गेहूं के लिए 2700 रुपये प्रति क्विंटल का वादा किया गया था, जबकि किसानों को 1800 से 2200 रुपये के बीच ही कीमत मिल रही है.
जीतू पटवारी ने कहा ने कृषि शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव का नाम लेकर उन्हें चेतावनी दी कि वे कान खोलकर सुन लें. अगर उन्होंने 7 दिन के अंदर कम दाम पर फसल बेचने वाले किसानों को अगर वादे के मुताबिक 2700 रुपये के भाव की अंतर राशि नहीं मिली तो 7 मई को कांग्रेस पार्टी और किसान सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे. पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों के पैसे की हकमारी और चोरी का आरोप भी लगाया.
जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि सरकार ‘किसान कल्याण वर्ष 2026’ का प्रचार तो कर रही है, लेकिन जमीनी हालात इससे अलग हैं. उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान और अधिकारों के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी. कांग्रेस का चक्का जाम महाराष्ट्र से राजस्थान सीमा तक गुजरने वाले आगरा-मुंबई मार्ग के कई जिलों को प्रभावित कर सकता है. इसका असर मध्य प्रदेश के सेंधवा-बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर में देखने को मिलेगा.
उधर, कांग्रेस के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस को किसानों के हितों की बात करने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में न तो किसानों को पर्याप्त समर्थन मूल्य मिला और न ही सिंचाई, बिजली और बीमा जैसी सुविधाएं सही तरीके से उपलब्ध हो सकीं. प्रवक्ता ने दावा किया कि बीजेपी के शासन में किसानों की स्थिति बेहतर हुई है और बुनियादी सुविधाओं में सुधार आया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today