शिवराज ने जम्मू-कश्मीर को दी बड़ी सौगातजम्मू-कश्मीर के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार ने सड़कों, आजीविका और कृषि विकास से जुड़ी बड़ी योजनाओं (8 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा) का पैकेज मंजूर किया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना PMGSY-IV के तहत 3566 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की मंजूरी का पत्र मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को सौंपा. साथ ही DAY-NRLM के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 4568.23 करोड़ रुपये से अधिक की मदर सैंक्शन जारी की गई.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ कहा कि जम्मू-कश्मीर में छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके तहत खेती के साथ पशुपालन, भेड़-बकरी पालन, मत्स्यपालन और मधुमक्खी पालन को जोड़कर आय के नए स्रोत तैयार किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि केवल एक फसल पर निर्भरता खत्म कर बहुआयामी कृषि मॉडल अपनाने से किसानों की आमदनी कई गुना बढ़ सकती है.
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों की टीम जम्मू-कश्मीर भेजी जाएगी, जो स्थानीय जलवायु, मिट्टी और संसाधनों का अध्ययन कर विस्तृत रोडमैप तैयार करेगी. बागवानी क्षेत्र में बेहतर किस्मों के क्लीन प्लांट और उच्च गुणवत्ता वाली नर्सरियों को बढ़ावा देने की योजना है. इससे फल उत्पादक किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
PMGSY-IV के तहत मंजूर सड़कों को ग्रामीण विकास की रीढ़ बताया गया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़कें केवल कनेक्टिविटी नहीं बढ़ातीं, बल्कि किसानों को बाजार, बच्चों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल तक पहुंच आसान बनाती हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर गांव और दूरस्थ क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि DAY-NRLM के तहत जारी मदर सैंक्शन से महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती मिलेगी. अब लक्ष्य सिर्फ लखपति दीदी बनाना नहीं, बल्कि महिलाओं को मजबूत उद्यमी बनाना है. कार्यक्रम में लखपति दीदियों का सम्मान भी किया गया.
वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 8000 करोड़ रुपये के कुल स्वीकृत पैकेज को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इन परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारेगी. उन्होंने कहा कि पहाड़ी और बिखरी आबादी वाले जम्मू-कश्मीर में सड़क और कृषि विकास से ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव आएगा.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर सराहना करते हुए उन्हें जम्मू-कश्मीर का सच्चा मित्र और हमदर्द बताया. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने बार-बार यह साबित किया है कि वे प्रदेश की जरूरतों को समझते हैं और हर स्तर पर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं. उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ‘मामा’ के रूप में उनकी पहचान उनके व्यवहार में भी झलकती है और उन्होंने केंद्र-राज्य संबंधों को और मजबूत किया है, जिससे जम्मू-कश्मीर के विकास को नई गति मिलेगी.
वहीं, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सड़क, आजीविका, आवास और कृषि को साथ लेकर समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया गया है. उन्होंने कहा कि दिल के द्वार भी खुले हैं और दिल्ली के द्वार भी खुले हैं, जिसका मकसद प्रदेश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाना है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today