महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई: हजारों लीटर खाने का तेल और डेयरी उत्‍पाद जब्‍त, मिलावट के सामने आए मामले

महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई: हजारों लीटर खाने का तेल और डेयरी उत्‍पाद जब्‍त, मिलावट के सामने आए मामले

महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यव्यापी अभियान के दौरान करीब 3.11 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ, खाद्य तेल, प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए. भिवंडी में जैतून के तेल के नाम पर मूंगफली का तेल बेचे जाने का मामला सामने आया.

Advertisement
महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई: हजारों लीटर खाने का तेल और डेयरी उत्‍पाद जब्‍त, मिलावट के सामने आए मामलेFDA ने की बड़ी कार्रवाई (AI Image)

महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई जारी है. राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान विभाग ने करीब 3.11 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ, खाद्य तेल, प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए हैं. इस दौरान मुंबई के चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं. FDA की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 32,061 लीटर खाद्य तेल और 37,128 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई. विभाग ने संदिग्ध मिलावटी, घटिया गुणवत्ता वाले, असुरक्षित और गलत लेबल के साथ बेचे जा रहे उत्पादों की जांच करते हुए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की.

छत्रपति संभाजीनगर में 87.52 लाख का माल जब्त

छत्रपति संभाजीनगर संभाग में FDA ने करीब 33,940 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी कीमत 87.52 लाख रुपये बताई गई है. इसमें खाद्य तेल, नमकीन, खोया, पेड़ा, कलाकंद, घी और बेकरी उत्पाद शामिल हैं.

परभणी जिले में अधिकारियों ने मोती नमकीन प्राइवेट लिमिटेड से 22,550 किलोग्राम सेव-फरसान मिश्रण जब्त किया. इसकी कीमत करीब 63.14 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा जिंतूर स्थित तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल का स्टॉक भी जब्त किया गया.

जैतून के तेल के नाम पर बिक रहा था मूंगफली का तेल

ठाणे जिले के भिवंडी में FDA ने विराज एंटरप्राइजेज से 11,779 लीटर खाद्य तेल और 2,850 किलोग्राम चाय जब्त की. इनकी कुल कीमत करीब 1.27 करोड़ रुपये बताई गई है. विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला जांच में सामने आया कि जिवो पोमेस ऑलिव ऑयल (Jivo Pomace Olive Oil) के नाम से बेचा जा रहा उत्पाद वास्तव में मूंगफली का तेल था. इस मामले में मिलावट, गुणवत्ता में कमी और गलत लेबलिंग की आशंका जताई गई है.

नागपुर में रिफाइंड सोयाबीन तेल और खोया जब्त

नागपुर संभाग में FDA ने एक कारोबारी के यहां से 1,078.40 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया. इसकी कीमत 1.81 लाख रुपये थी. अधिकारियों को तेल के अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे जाने के साथ उसकी गुणवत्ता घटिया या असुरक्षित होने का संदेह था. वहीं, चंद्रपुर जिले की एक मिठाई की दुकान से 49 किलोग्राम खोया भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 19,600 रुपये बताई गई है.

पुणे में 9 टन पनीर जब्त

पुणे के बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी इलाकों में अधिकारियों ने 9,000 किलोग्राम पनीर और 440 किलोग्राम खोया जब्त किया. विभाग के अनुसार, इन उत्पादों को नियंत्रित तापमान के बिना ले जाने और रखने तथा खुले में बेचने की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई.

इसके अलावा, पौड रोड स्थित सूर्यम एंटरप्राइजेज से 9,888 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया. एक अन्य प्रतिष्ठान से 77.75 किलोग्राम चाय और फ्लेवर्ड ड्रिंक कॉन्संट्रेट भी जब्त किया गया. इन उत्पादों की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी की आशंका थी.

अहिल्यानगर और मुंबई में भी कार्रवाई

अहिल्यानगर जिले की एक दुकान से FDA ने 87 किलोग्राम भगर यानी सांवा मिलेट जब्त किया. इसकी कीमत 6,960 रुपये थी. विभाग को इसमें मिलावट का संदेह था. मुंबई के कांदिवली पूर्व और पश्चिम इलाकों में भी छापेमारी की गई. यहां से वेफर्स, फरसान और अन्य स्नैक्स जब्त किए गए, जिनमें अनधिकृत रंगों के इस्तेमाल की आशंका थी. अधिकारियों ने 3,150 रुपये मूल्य की जलेबी और महाराजा हलवा मौके पर ही नष्ट कर दिया.

पान मसाला और सुगंधित तंबाकू पर शिकंजा

FDA ने प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की है. जालना में अधिकारियों ने करीब 83.35 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया. इसमें एक वाहन, मोबाइल फोन और GPS उपकरण भी शामिल थे. मुंबई में प्रतिबंधित उत्पादों की करीब 7.06 लाख रुपये की खेप जब्त की गई. इसके साथ ही 3 लाख रुपये मूल्य का एक वाहन भी कब्जे में लिया गया. इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है.

मुंबई के चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर FDA ने मुंबई के चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए. निरीक्षण के दौरान रसोई और नालियों में गंदगी, जंग लगे रैक और बर्तनों जैसी खामियां मिलीं. इसके अलावा, लौटाए गए पाव को ताजा स्टॉक के साथ मिलाने, तापमान से जुड़े रिकॉर्ड अधूरे रखने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं होने और मिठाइयों में अनधिकृत खाद्य रंगों के इस्तेमाल जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं. विभाग ने इन उल्लंघनों के आधार पर प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की. (पीटीआई)

POST A COMMENT