विदेशी बाजार में इस खास तिल को बढ़ावा देगी केरल सरकार, किसानों की कमाई बढ़ाने पर जोर

विदेशी बाजार में इस खास तिल को बढ़ावा देगी केरल सरकार, किसानों की कमाई बढ़ाने पर जोर

केरल सरकार राज्य के इस खास तिल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए बीजों की क्वालिटी सुधारने, आधुनिक कृषि सुविधाएं विकसित करने और खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है.

Advertisement
विदेशी बाजार में इस खास तिल को बढ़ावा देगी केरल सरकार, किसानों की कमाई बढ़ाने पर जोरअंतरराष्ट्रीय बाजार में तिल को बढ़ावा

केरल सरकार अब अपने खास उत्पाद ओनाट्टुकारा तिल को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए राज्य में तिल की खेती, बीजों की क्वालिटी और उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे. कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना राज्य की खाद्य सुरक्षा और लोगों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है.

बीज भंडारण केंद्र और क्वालिटी जांच लैब का उद्घाटन

कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने ओनाट्टुकारा क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र में तिल के बीजों को सुरक्षित रखने के लिए बनाई गई भंडारण सुविधा और क्वालिटी जांच प्रयोगशाला का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने वहां बन रहे शैक्षणिक भवन के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया. कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार अनाज, सब्जियों और फलों के उत्पादन को बढ़ाकर दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करना चाहती है.

जलवायु के अनुकूल बीज विकसित करने पर जोर

कायमकुलम में आयोजित किसानों के सम्मेलन में कृषि मंत्री ने कृषि अनुसंधान संस्थानों से जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए नई किस्मों के बीज विकसित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि बदलते मौसम के कारण खेती को नुकसान पहुंच रहा है. ऐसे में ऐसी फसल किस्मों की जरूरत है, जो बदलते तापमान और मौसम की चुनौतियों को सहन कर सकें. इसके लिए केंद्र सरकार की मदद से क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड बनाने की योजना भी है.

नारियल की खेती के लिए 540 करोड़ रुपये का बजट

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने नारियल की खेती को फिर से बढ़ावा देने के लिए 540 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. इसके अलावा KERA परियोजना के तहत विदेशी और विशेष किस्म के फलों की खेती और उनकी मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य योजना तैयार की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट कृषि भवन बनाए जाएंगे. इनमें किसानों को पौधों की बीमारी की जांच के लिए क्लीनिक और मिट्टी की जांच के लिए प्रयोगशालाएं मिलेंगी. सरकार अगले दो वर्षों में सब्जियों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के लिए भी विशेष योजना तैयार कर रही है.

कृषि विकास के लिए कायमकुलम में बनेंगी नई परियोजनाएं

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आबकारी और सहकारिता मंत्री एम. लिजू ने कहा कि ओनाट्टुकारा क्षेत्र में खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी. अनुसंधान केंद्र में शैक्षणिक भवन बनाने के लिए बजट में 7 करोड़ रुपये दिए गए हैं. साथ ही इस केंद्र को कृषि कॉलेज में बदलने की संभावनाएं तलाशने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.

उन्होंने बताया कि चेट्टीकुलंगारा से एवूर तक कृषि बांध सड़क बनाने की योजना है. इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है. इस सड़क से चेट्टीकुलंगारा और पथियूर पंचायतों में धान की खेती को सुरक्षा मिलेगी. साथ ही खेतों में खारे पानी का प्रवेश रोकने और फसल की कटाई आसान बनाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, कायमकुलम क्षेत्र में नारियल की खेती बढ़ाने के लिए खाली और खेती योग्य जमीन की पहचान की जाएगी. यह काम सेंट्रल प्लांटेशन क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट (CPCRI) के नेतृत्व में किया जाएगा. (PTI)

POST A COMMENT