दो दोस्तों ने 25 बीघा में शुरू की जैविक खेती, डेढ़ साल में दोगुना हुआ मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन

दो दोस्तों ने 25 बीघा में शुरू की जैविक खेती, डेढ़ साल में दोगुना हुआ मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन

कोटा के 22 वर्षीय हर्षित जैन और सन्मय जैन ने बिना किसी कृषि अनुभव के जैविक खेती शुरू की. आज दोनों पारलिया गांव में 25 बीघा जमीन पर खेती कर रहे हैं. दोनों ने मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा दोगुना कर दी है.

Advertisement
दो दोस्तों ने 25 बीघा में शुरू की जैविक खेती, डेढ़ साल में दोगुना हुआ मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन22 की उम्र में हर्षित और सन्‍मय ने शुरू की जैव‍िक खेती

खेती को अक्सर अनुभव और पारंपरिक ज्ञान से जुड़ा काम माना जाता है, लेकिन कोटा के दो युवा दोस्तों ने 22 साल की उम्र में इस क्षेत्र में कदम रखकर अपनी अलग पहचान बनाई है. महावीर नगर निवासी हर्षित जैन और स्काईलाइन निवासी सन्मय जैन ने बिना किसी खास कृषि अनुभव के जैविक खेती शुरू की. आज दोनों पारलिया गांव में 25 बीघा जमीन पर पूरी तरह जैविक तरीके से खेती कर रहे हैं. डेढ़ साल में उनके खेत की मिट्टी का जैविक कार्बन दोगुना हो गया है. उनके फार्म पर कई तरह की सब्जियां, अनाज और फल उगाए जा रहे हैं. इसके साथ ही दोनों मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और जैव विविधता बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं.

जून 2025 से शुरू की खेती

हर्षित जैन और सन्मय जैन ने 'सखी फार्म्स' के नाम से अपनी कृषि पहल शुरू की. इसके लिए नवंबर 2024 में कंपनी बनाई गई और जून 2025 से खेत में खेती का काम शुरू किया. शुरुआत में दोनों को खेती के तौर-तरीकों, फसलों के पोषण, कीटों की पहचान और बीमारियों के उपचार की ज्यादा जानकारी नहीं थी. कृषि सामग्री जुटाने से लेकर फसल प्रबंधन तक कई तरह की चुनौतियां सामने आईं. दोनों ने खेती करते हुए इन चीजों को सीखा और लौकी, टमाटर और भिंडी जैसी फसलों से शुरुआत की. धीरे-धीरे उन्होंने खेती का दायरा बढ़ाया और अब 25 बीघा जमीन पर अलग-अलग फसलें उगा रहे हैं.

खेत में उगा रहे कई तरह की फसलें

सखी फार्म्स में फसल विविधता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यहां खीरा, स्वीट कॉर्न, स्ट्रॉबेरी, गेहूं, मक्का, तिल, गन्ना, ब्रोकली, पालक, गाजर और चुकंदर सहित कई तरह की फसलें उगाई जा रही हैं. दोनों दोस्तों ने खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला किया है. फसलों को पोषण देने से लेकर कीटों और बीमारियों से बचाव तक प्राकृतिक और जैविक संसाधनों का इस्‍तेमाल किया जा रहा है. उनका उद्देश्य प्राकृतिक तरीके से फल और सब्जियां तैयार कर लोगों तक पहुंचाना है.

सॉइल ऑर्गेनिक कार्बन बढ़कर दोगुना हुआ

दोनों युवाओं ने फसल उत्पादन के साथ मिट्टी की सेहत सुधारने को भी अपनी खेती का अहम हिस्सा बनाया है. खेती शुरू करने से पहले खेत की मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा 0.17 प्रतिशत थी. जैविक संसाधनों और प्राकृतिक खाद के लगातार इस्तेमाल से यह बढ़कर 0.35 प्रतिशत हो गई है. अब दोनों ने अगले तीन साल में मिट्टी के ऑर्गेनिक कार्बन को एक प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए खेत में जैविक खाद और प्राकृतिक संसाधनों का नियमित इस्तेमाल किया जा रहा है.

25 बीघा में लगाए 1000 से ज्यादा पेड़

सखी फार्म्स में खेती के साथ बागवानी और जैव विविधता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है. दोनों दोस्तों ने अपने 25 बीघा खेत में 1000 से ज्यादा पेड़ लगाए हैं. इनमें ताइवान पिंक अमरूद के 300, नींबू के 360, जामुन के 100 और आम्रपाली आम के 124 पेड़ शामिल हैं. इसके अलावा आम की दूसरी किस्मों के पौधे भी लगाए गए हैं. खेत में गेंदा और हरी खाद वाली फसलें उगाई जा रही हैं, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ खेती की प्राकृतिक व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

पांच गायों के गोबर और गौमूत्र से तैयार करते हैं खाद

जैविक खेती के लिए दोनों युवा अपने खेत में ही खाद और अन्य जैविक संसाधन तैयार कर रहे हैं. इसके लिए पांच गायों के गोबर और गौमूत्र का इस्तेमाल किया जाता है. खेत में जीवामृत, वर्मीवॉश, वेस्ट डी-कंपोजर, ट्राइकोडर्मा और जैविक कीटनाशकों का भी इस्‍तेमाल किया जा रहा है. सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन तकनीक अपनाई गई है. वहीं, मल्चिंग के जरिए मिट्टी में नमी बनाए रखने और पानी का बेहतर इस्‍तेमाल करने पर ध्यान दिया जा रहा है.

पढ़ाई के हिसाब से बांटी फार्म की जिम्मेदारियां

दोनों दोस्तों ने अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि के अनुसार फार्म की जिम्मेदारियां बांटी हैं. हर्षित जैन बायोटेक्नोलॉजी के स्टूडेंट हैं. वे मिट्टी की सेहत, फसल प्रबंधन और खेती से जुड़े तकनीकी काम संभालते हैं. वहीं, सन्मय जैन सीए इंटरमीडिएट पास हैं और फार्म का वित्तीय प्रबंधन और बिजनेस से जुड़े काम देखते हैं. इस तरह दोनों अपनी-अपनी पढ़ाई और कौशल का इस्तेमाल खेती को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में कर रहे हैं.

22 साल की उम्र में बिना कृषि अनुभव के शुरुआत करने वाले हर्षित और सन्मय ने अब 25 बीघा में जैविक खेती का मॉडल तैयार किया है. 1000 से अधिक पेड़ लगाने और मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के जरिए दोनों खेती, बागवानी और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन को एक साथ आगे बढ़ा रहे हैं.

POST A COMMENT