Holi Tips: रंगों में छिपा खतरा! होली से पहले पढ़ें डॉक्टर की जरूरी चेतावनी

Holi Tips: रंगों में छिपा खतरा! होली से पहले पढ़ें डॉक्टर की जरूरी चेतावनी

होली के रंगों में मौजूद केमिकल्स से त्वचा पर एलर्जी, जलन और रैशेज हो सकते हैं. AIIMS भोपाल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. फरहा खान ने सुरक्षित होली खेलने के लिए जरूरी टिप्स साझा किए हैं. इनमें ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल, मॉइस्चराइज़र, तेल लगाना, प्रोटेक्टिव कपड़े और होली के बाद सही स्किन केयर शामिल हैं.

Advertisement
Holi Tips: रंगों में छिपा खतरा! होली से पहले पढ़ें डॉक्टर की जरूरी चेतावनीहोली में एलर्जी और जलन से बचने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन इस मौसम में त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं. AIIMS Bhopal के डर्मेटोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. फरहा खान के अनुसार, होली के समय एलर्जी, जलन, खुजली और एक्जिमा के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं. इसका मुख्य कारण बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं.

रंगों में मौजूद हानिकारक केमिकल

आजकल कई होली के रंगों में लेड ऑक्साइड, क्रोमियम सल्फाइड और मर्क्यूरिक आयोडाइड जैसे हानिकारक तत्व पाए जाते हैं. ये केमिकल त्वचा पर एलर्जिक और इरिटेंट रिएक्शन पैदा कर सकते हैं. खासकर जिन लोगों की त्वचा संवेदनशील है या जिन्हें पहले से कोई स्किन बीमारी है, उनके लिए यह ज्यादा खतरनाक हो सकता है.

किन लोगों को ज्यादा खतरा

डॉ. फरहा खान बताती हैं कि बच्चे, महिलाएं और वे लोग जिन्हें पहले से एक्जिमा, सोरायसिस या अन्य त्वचा रोग हैं, वे ज्यादा जोखिम में रहते हैं. उनकी त्वचा जल्दी रिएक्ट करती है और रंगों के संपर्क में आने से लाल चकत्ते, सूजन और जलन हो सकती है. इसलिए ऐसे लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए.

होली से पहले क्या करें

होली खेलने से पहले कुछ आसान सावधानियां आपको त्वचा की समस्याओं से बचा सकती हैं. सबसे पहले गीले, पक्के और वार्निश जैसे रंगों से दूर रहें. हमेशा ऑर्गेनिक, हर्बल या फूलों से बने प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें. चेहरे पर एक मोटी परत नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइस्चराइज़र लगाएं. शरीर पर नारियल या ऑलिव ऑयल लगाएं ताकि त्वचा पर एक सुरक्षा परत बन जाए. सनस्क्रीन लगाना न भूलें. होंठ और नाखूनों पर वैसलीन लगाएं. बालों में तेल लगाकर उन्हें चोटी या जूड़े में बांध लें. लंबी बाजू के कपड़े, टोपी और धूप का चश्मा पहनना भी फायदेमंद रहेगा.

होली के बाद त्वचा की देखभाल

रंग हटाने के लिए पहले तेल की मदद लें, ताकि रंग आसानी से निकल जाए. इसके बाद माइल्ड क्लींजर या सल्फेट-फ्री शैंपू से स्नान करें. नहाने के बाद सेरामाइड युक्त मॉइस्चराइज़र लगाएं, जो त्वचा की सुरक्षा परत को ठीक करने में मदद करता है.

किन चीजों से बचें

होली के पहले और बाद में त्वचा पर कोई भी एक्टिव इंग्रीडिएंट जैसे ग्लाइकोलिक एसिड, सैलिसिलिक एसिड, रेटिनॉल, केमिकल पील या लेजर ट्रीटमेंट से बचें. इससे त्वचा और ज्यादा संवेदनशील हो सकती है.

एलर्जी होने पर क्या करें

अगर सावधानी के बाद भी खुजली, जलन या रैशेज हो जाएं, तो ठंडी पट्टी करें और हल्का मॉइस्चराइज़र लगाएं. लेकिन अगर समस्या बनी रहती है, तो तुरंत त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें.

होली का त्योहार खुशियों का है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है. सही रंगों का चयन और उचित देखभाल से आप सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से होली का आनंद ले सकते हैं. विशेषज्ञों की सलाह मानकर इस होली को बनाएं रंगीन और सुरक्षित.

ये भी पढ़ें: 

छत्‍तीसगढ़ के छुईखदान में लौट रही पान की हरियाली, रंग ला रहा अनुसंधान केंद्र, सब्सिडी से किसानों की बढ़ी उम्‍मीदें
सरगुजा सहकारी समिति में 1.92 करोड़ का फर्जी लोन घोटाला, 127 किसानों के नाम पर निकाली गई राशि

POST A COMMENT