खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है.खुदरा महंगाई दर ने अक्टूबर में 14 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. जबकि, खाद्य महंगाई दर भी अपने अधिकतम स्तर पर पहुंच गई है. सांख्यिकी मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में सब्जियों, मीट-मछली और अंडा की कीमतों में उछाल से खाद्य मंहगाई दर अपने उच्चतम स्तर को छूते हुए 10.87 फीसदी पर पहुंच गई है. इतना ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र की महंगई में भी उछाल दर्ज किया गया है. आरबीआई गवर्नर ने बीते सप्ताह महंगाई दर के आंकड़ों में बढ़ोत्तरी का जोखिम बताया था.
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने मंगलवार को अक्टूबर महंगाई आंकड़े जारी कर दिए हैं, जिसमें खुदरा महंगाई दर 14 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.21 फीसदी दर्ज की गई है. सितंबर में 5.49 फीसदी खुदरा महंगाई दर दर्ज की गई थी. उससे पहले अगस्त में 3.65, जुलाई में सबसे कम 3.60 फीसदी और जून महीने में खुदरा महंगाई दर 5.08 फीसदी दर्ज की गई थी. खुदरा महंगाई में बढ़ोत्तरी की प्रमुख वजह खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी रही है. वहीं, अक्टूबर 2023 में खुदरा महंगाई दर 4.87 फीसदी थी.
आंकड़ों से पता चला है कि खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर में भारी उछाल दर्ज किया गया है, जिसके चलते अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर 14 माह के उच्चतम स्तर 10.87 फीसदी पर पहुंच गई है. अक्टूबर 2023 में खाद्य महंगाई दर केवल 6.61 फीसदी थी. वहीं, बीते सितंबर महीने में खाद्य महंगाई दर 9.24 फीसदी थी और उससे पहले अगस्त में 5.66 फीसदी और जुलाई में 5.42 फीसदी दर्ज किया गया था.
सरकारी आंकड़े बताते हैं कि अक्टूबर 2024 में शहरी से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में महंगाई दर बढ़ी है. अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्र की महंगाई दर बढ़कर 6.68 फीसदी पर पहुंच गई, जो सितंबर महीने में 5.87 फीसदी ही थी. इसी तरह अक्टूबर 2024 में शहरी महंगाई दर में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है और सितंबर में 5.05 फीसदी से उछलकर अक्टूबर में 5.62 फीसदी दर्ज की गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today