इफको के नैनो एनपीके काे मिली हरी झंडीभारतीय किसान उर्वरक सहकारी संस्था (IFFCO) ने एक बार फिर कृषि नवाचार के क्षेत्र में अहम उपलब्धि हासिल की है. देश में पहले नैनो उर्वरकों की शुरुआत करने के बाद अब इफको ने स्वदेशी तकनीक से विकसित तरल नैनो एनपीके (Nano NPK Liquid) (8-8-10) और दानेदार नैनौ एनपीके (Nano NPK Granular (20-10-10) लॉन्च किए हैं. इन दोनों उत्पादों को उर्वरक नियंत्रण आदेश उर्वरक नियंत्रण आदेश (Fertilizer Control Order- FCO) के तहत मंजूरी मिल चुकी है, जिसे हाल ही में राजपत्र में अधिसूचित किया गया है.
इफको के मैनेजिंग डायरेक्टर कीर्तिकुमार जे पटेल ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि इफको के ये नैनो उर्वरक पारंपरिक खाद से अलग हैं, क्योंकि ये फसल को दो तरीके से पोषण देते हैं. Nano NPK Liquid को पत्तियों पर छिड़काव के लिए तैयार किया गया है, जिससे पौधे सीधे पोषक तत्व ग्रहण कर सकें. वहीं, Nano NPK Granular (20-10-10) को मिट्टी और जड़ों के माध्यम से पोषण देने के लिए विकसित किया गया है. इससे फसल को जरूरत के हिसाब से संतुलित पोषण मिलेगा.
इफको ने बयान जारी कर कहा है कि नैनो तकनीक के कारण पोषक तत्वों का उपयोग बेहतर तरीके से होता है, जिससे पारंपरिक उर्वरकों की जरूरत कम हो सकती है. इससे किसानों की लागत घटने और उत्पादन बढ़ने की संभावना बनती है. साथ ही मिट्टी की सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है और पर्यावरण पर दबाव भी कम होता है.
वैश्विक स्तर पर उर्वरक आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में यह विकास भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे आयात पर निर्भरता कम करने और विदेशी मुद्रा की बचत में मदद मिल सकती है. यह पहल आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य और सहकारिता आधारित विकास को भी मजबूती देती है.
इन नए नैनो उर्वरकों से किसानों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन का विकल्प मिल सकता है. सटीक पोषण प्रबंधन के कारण फसल की गुणवत्ता सुधरने और संसाधनों के बेहतर उपयोग की उम्मीद है. इफको का यह कदम टिकाऊ और आधुनिक खेती की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today