सोनालीका का ट्रैक्टर बिक्री में नया रिकॉर्डट्रैक्टर बनाने वाली कंपनी सोनालीका ट्रैक्टर्स ने बिक्री के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच सिर्फ 6 महीनों में 1 लाख ट्रैक्टर बेचने का आंकड़ा पार कर लिया है. कंपनी के मुताबिक, यह उसके अब तक के सबसे तेज बिक्री प्रदर्शन में से एक है. सोनालीका ने यह उपलब्धि अपने 30वें साल में हासिल की है.
सोनालीका के मुताबिक, जिस बिक्री आंकड़े को हासिल करने में कंपनी को करीब आठ साल पहले पूरा एक साल लगा था, उसे अब केवल छह महीने में हासिल कर लिया गया है. कंपनी का कहना है कि ट्रैक्टरों में लगातार सुधार, किसानों की जरूरतों को समझने, बेहतर उत्पादन योजना और डीलर नेटवर्क के साथ मिलकर काम करने से यह उपलब्धि हासिल हुई है. कंपनी के अनुसार, किसानों की बदलती जरूरतों के हिसाब से ट्रैक्टरों में सुधार किया जा रहा है. इसके साथ ही उत्पादन और सप्लाई को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है, ताकि किसानों को जरूरत के समय ट्रैक्टर उपलब्ध हो सकें.
सोनालीका ने इस उपलब्धि को अपने ‘खुद से जीतने का दम’ अभियान से जोड़ा है. कंपनी का कहना है कि उसका लक्ष्य किसानों को ऐसे ट्रैक्टर उपलब्ध कराना है, जो खेती के काम को आसान बनाने के साथ बेहतर प्रदर्शन भी दें. कंपनी के मुताबिक, पहले सालाना 50 हजार ट्रैक्टर बिक्री का आंकड़ा एक बड़ा लक्ष्य था. इसके बाद कंपनी ने सालाना 1 लाख ट्रैक्टर बिक्री का लक्ष्य हासिल किया. अब छह महीने में ही 1 लाख ट्रैक्टर बिक्री का आंकड़ा पार करने के बाद कंपनी ने अपने लिए एक और बड़ा लक्ष्य तय करने की बात कही है.
त्योहारी सीजन में ट्रैक्टरों की मांग बढ़ने की उम्मीद को देखते हुए सोनालीका ने उत्पादन भी बढ़ाया है. कंपनी के होशियारपुर प्लांट में सितंबर में 19 हजार ट्रैक्टरों का उत्पादन किया गया, जो कंपनी के अनुसार अब तक का सबसे ज्यादा मासिक उत्पादन है. उत्पादन बढ़ाने के साथ कंपनी ने अपने डीलर नेटवर्क को भी मजबूत किया है. इसका मकसद किसानों तक ट्रैक्टरों की सप्लाई को तेज करना और बढ़ती मांग को समय पर पूरा करना है.
इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर रमन मित्तल ने कहा कि कंपनी की सोच हमेशा अपने पिछले प्रदर्शन से आगे निकलने की रही है. उन्होंने कहा कि 50 हजार सालाना ट्रैक्टर बिक्री के बाद कंपनी ने 1 लाख ट्रैक्टर का लक्ष्य रखा और फिर यह चुनौती ली कि इसी आंकड़े को छह महीने में हासिल किया जा सकता है या नहीं. उन्होंने कहा कि छह महीने में 1 लाख ट्रैक्टर की बिक्री कंपनी के कर्मचारियों, डीलर पार्टनर्स और किसानों के साथ मिलकर काम करने का परिणाम है. उनके मुताबिक, कंपनी आगे भी अपने प्रदर्शन और बिक्री के नए लक्ष्य तय करने पर ध्यान देगी.
भारत में त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ट्रैक्टरों की मांग बढ़ने की उम्मीद रहती है. ऐसे में सोनालीका ने उत्पादन और डीलर नेटवर्क को मजबूत कर ट्रैक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने की तैयारी की है. छह महीने में 1 लाख ट्रैक्टर की बिक्री के बाद अब कंपनी की नजर आने वाले महीनों के प्रदर्शन पर है.
ये भी पढ़ें:
चीनी के स्टॉक पर सरकार की सख्ती, डीलरों के लिए 1,000 क्विंटल की लिमिट तय
विदर्भ में मॉनसून ने दिया बड़ा झटका! 27% कम बारिश, अब रबी फसल और पानी का संकट बढ़ा
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today